Rekha Gupta ने दिल्लीवासियों से सैनिकों और पुलिसकर्मियों के नाम एक दीया जलाने का किया आह्वान

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दीपावली के उपलक्ष्य में नागरिकों से सरहदों पर तैनात जवानों और पुलिस बल के प्रति आभार व्यक्त करने को कहा है। उन्होंने कहा कि देश के प्रहरियों की सतर्कता के कारण ही नागरिक शांतिपूर्वक अपने घर त्योहार मनाते हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने त्योहार के दिनों में भी शहर को स्वच्छ रखने वाले सफाई कर्मियों के योगदान की भी सराहना की।

नयी दिल्ली, आठ नवंबर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सभी दिल्लीवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए रविवार को कहा कि सीमा पर तैनात सुरक्षाकर्मियों की बदौलत लोग अपने घरों में सुकून से त्योहार मना पाते हैं। उन्होंने लोगों से एक दीया देश के सैनिकों, जवानों और पुलिसकर्मियों के नाम जलाने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) से जारी एक बयान के मुताबिक, गुप्ता ने कहा, ‘‘हम सभी अपने परिवारों के साथ हंसी-खुशी और सुकून से त्योहार मना पाते हैं, क्योंकि देश के लाखों जवान दिन-रात हमारी सीमाओं की रक्षा में तैनात रहते हैं।

उनका समर्पण और सतर्कता हमें सुरक्षित वातावरण में अपने त्योहार मनाने का अवसर देता है।’’ उन्होंने दिल्लीवासियों से आग्रह किया कि अपने घरों में दीप जलाते समय एक दीया देश के सैनिकों, जवानों और पुलिसकर्मियों के नाम भी जलाएं। गुप्ता ने कहा कि यह दीप उन सभी के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और अपनत्व का प्रतीक होगा, जो त्योहारों के अवसर पर भी अपने कर्तव्य को सर्वोपरि रखते हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दिल्ली के सफाई कर्मियों के योगदान को भी विशेष रूप से सराहा।

उन्होंने कहा, ‘‘दीपावली के अवसर पर जब पूरा शहर उत्सव की खुशियों में डूबा होता है, तब हमारे सफाईकर्मी दिल्ली को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा से काम करते हैं। उनकी मेहनत और समर्पण से ही राजधानी की स्वच्छता और सुंदरता कायम रहती है।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में देश के अलग-अलग राज्यों और संस्कृतियों से जुड़े लोग मिलकर इस त्योहार को उत्साह और उमंग के साथ मनाते हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली की सांस्कृतिक विविधता और सामूहिक उत्सव की भावना ही दीपावली के इस पावन अवसर को और मजबूत करेगी।

मुख्यमंत्री ने सभी दिल्लीवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि यह पर्व हर घर में सुख, शांति, समृद्धि और सकारात्मकता लेकर आए। उन्होंने कहा कि दीपावली का वास्तविक संदेश एक-दूसरे के प्रति सम्मान, प्रेम, सहयोग और कृतज्ञता की भावना को मजबूत करना है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़