राजद ने अन्नपूर्णा देवी को पार्टी से निकाला, गौतम राणा प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त

rjd-appoints-new-jharkhand-party-president
[email protected] । Mar 26 2019 9:40AM

पिछले वर्ष राजद की प्रदेश अध्यक्ष बनायी गयीं अन्नपूर्णा देवी आज नयी दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास एवं भाजपा के महासचिव तथा सांसद भूपेन्द्र यादव की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हो गयीं।

रांची। राजद ने झारखंड प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी को पार्टी से छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया। उनके स्थान पर पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गौतम सागर राणा को फिर से प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। राजद के प्रदेश महासचिव संजय सिंह यादव ने एक बयान में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद ने अन्नपूर्णा देवी को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है। लालू प्रसाद चारा घोटाले में न्यायिक हिरासत में रिम्स में भर्ती हैं।

इसे भी पढ़ें: BJP की 5वीं सूची जारी, गुजरात, झारखंड और हिमाचल में कईयों के टिकट कटे

पिछले वर्ष राजद की प्रदेश अध्यक्ष बनायी गयीं अन्नपूर्णा देवी आज नयी दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास एवं भाजपा के महासचिव तथा सांसद भूपेन्द्र यादव की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हो गयीं। उनके साथ राजद के पूर्व विधायक तथा मंत्री जनार्दन पासवान भी भाजपा में शामिल हुए। अन्नपूर्णा देवी ने भाजपा में शामिल होने का निर्णय तब किया जब राज्य में महागठबंधन ने राजद को लोकसभा चुनावों के लिए सिर्फ पलामू की एक सीट देने का कल फैसला किया।

अन्नपूर्णा देवी कोडरमा से राजद की विधायक रही हैं और राज्य में हेमंत सोरेन सरकार में मंत्री रही हैं। राजद ने महागठबंधन से पलामू के अलावा चतरा की सीट देने की मांग की थी जिसके लिए कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा और झारखंड विकास मोर्चा का गठबंधन तैयार नहीं हुआ। इस बीच, भाजपा ने राज्य में अपने हिस्से की तेरह सीटों में से दस पर उम्मीदवार घोषित कर दिये थे जबकि रांची, कोडरमा और चतरा की सीटों पर अभी उसने उम्मीदवार घोषित नहीं किये थे जबकि पिछले लोकसभा चुनावों में इन सभी सीटों पर उसके उम्मीवार चुनाव जीते थे।

इसे भी पढ़ें: हेमंत सोरेन ने कहा, झारखंड में पक्का हुआ महागठबंधन

इस बीच झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अन्नपूर्णा देवी के भाजपा में शामिल होने के फैसले का स्वागत किया है और कहा है कि उनके पार्टी में शामिल होने से राज्य में भाजपा और मजबूत होगी।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़