RSS का दिल्ली में 'राष्ट्र वंदनम्' कार्यक्रम 29 नवंबर को, Mohan Bhagwat और पूर्व CJI खेहर करेंगे संबोधित

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपने 101वें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के रोहिणी इलाके में 'राष्ट्र वंदनम्' कार्यक्रम का आयोजन करेगा। इस समागम में संघ प्रमुख मोहन भागवत के साथ भारत के पूर्व प्रधान न्यायाधीश जगदीश सिंह खेहर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन में करीब नौ हजार स्वयंसेवक योगासन और 800 स्वयंसेवक पारंपरिक घोष प्रस्तुत करेंगे।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ‘राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्त समाज’ के उद्देशय से अगले सप्ताह दिल्ली में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित करेगा। संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी नरेंद्र ठाकुर ने शुक्रवार को एक संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी। आरएसएस की दिल्ली इकाई की ओर से उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के रोहिणी इलाके में 29 नवंबर को ‘राष्ट्र वंदनम्’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
यह कार्यक्रम संघ की स्थापना के 101 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत और भारत के पूर्व प्रधान न्यायाधीश जगदीश सिंह खेहर इस कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा, “भारत के पूर्व प्रधान न्यायाधीश न्यायमूर्ति जगदीश सिंह खेहर को कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।” ठाकुर ने कार्यक्रम का विवरण साझा करते हुए बताया कि इसमें राजनेताओं और उद्योगपतियों सहित विभिन्न क्षेत्रों की जानी-मानी हस्तियों को आमंत्रित किया गया है।
उन्होंने बताया कि अब तक 85 हजार से अधिक आरएसएस स्वयंसेवकों और समाज के करीब 75 हजार प्रमुख लोगों ने इसमें शामिल होने के लिए पंजीकरण कराया है। ठाकुर ने कार्यक्रम की प्रमुख विशेषताओं का उल्लेख करते हुए बताया कि आयोजन स्थल पर करीब नौ हजार आरएसएस स्वयंसेवक योगासन करेंगे जबकि लगभग 800 स्वयंसेवक संघ का पारंपरिक घोष प्रस्तुत करेंगे।
अन्य न्यूज़













