Assam में सायरंग-कोलकाता एक्सप्रेस के 5 डिब्बे और इंजन बेपटरी, 4 यात्री घायल

कामरूप मेट्रोपोलिटन जिले के डिगारू रेलवे स्टेशन के पास बुधवार सुबह सायरंग-कोलकाता एक्सप्रेस के पांच डिब्बे और इंजन पटरी से उतर गए। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के अनुसार हादसे में मामूली रूप से घायल चार यात्रियों को इलाज के लिए सोनापुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया है। फंसे हुए बाकी यात्रियों के आगे के सफर के लिए रेलवे ने वैकल्पिक ट्रेन का प्रबंध किया है।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि गुवाहाटी के पास डिगारू में बुधवार सुबह सायरंग-कोलकाता एक्सप्रेस ट्रेन के पांच डिब्बे और इंजन के पटरी से उतरने की घटना में चार लोग मामूली रूप से घायल हो गए। शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि सभी यात्री सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा, ‘‘चार लोगों को मामूली चोटें आई हैं और उनका इलाज किया जा रहा है।
हम इस घटना को लेकर रेल मंत्रालय के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।’’ मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘फंसे हुए सभी यात्रियों को जरूरी सुविधाएं मुहैया कराई गई हैं और उनकी आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक ट्रेन की व्यवस्था की गई है।’’ घायल हुए लोगों को सोनापुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया है। इससे पहले, पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के एक प्रवक्ता ने कहा था कि फिलहाल किसी के हताहत होने या गंभीर रूप से घायल होने की कोई सूचना नहीं है। उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘सभी यात्री सुरक्षित हैं और कोई भी चोटिल नहीं हुआ है।’’ प्रवक्ता ने बताया कि किसी अन्य ट्रेन को रास्ता देने के लिए सायरंग-कोलकाता एक्सप्रेस ट्रेन को डिगारू रेलवे स्टेशन पर रोका जा रहा था लेकिन लोको पायलट गति पर नियंत्रण नहीं रख सका जिसके कारण ट्रेन का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए।
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि कोलकाता से मिजोरम के आइजोल के पास सायरंग जा रही यह ट्रेन कामरूप (मेट्रोपोलिटन) जिले के डिगारू रेलवे स्टेशन के पास सुबह छह बजकर 54 मिनट पर पटरी से उतर गई। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि इस हादसे में कई लोग घायल हुए हैं। प्रवक्ता ने बताया कि यात्रियों को एक वैकल्पिक ट्रेन के जरिए उनके गंतव्य के लिए भेजा जा रहा है।
अधिकारी ने बताया कि बचाव अभियान चलाने और पटरियों से क्षतिग्रस्त डिब्बों को हटाने के लिए एक राहत ट्रेन घटनास्थल पर भेजी गई है। उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद, गुवाहाटी से जोरहाट जाने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस को पानबारी और कोयंबटूर-सिलचर एक्सप्रेस को पानबारी और पानीखाईती में रोका गया।
अन्य न्यूज़














