परिसीमन बिल पर NCP-SP का रुख दुर्भाग्यपूर्ण, Sanjay Raut बोले- जनता नहीं करेगी बर्दाश्त

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत ने शनिवार को मुंबई में कहा कि अगर शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा ने परिसीमन विधेयक का समर्थन किया है, तो यह जनता के साथ धोखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सांसदों की संख्या 543 से बढ़ाकर 806 करना और मनमाने ढंग से सीमा तय करना लोकतंत्र के खिलाफ भाजपा का षड्यंत्र है।

शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत ने शनिवार को कहा कि राकांपा (शप) ने अगर परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का फैसला किया है, तो यह दुर्भाग्यपूर्ण है और एक ऐसा एकतरफा कदम है जिसे जनता खारिज कर देगी। उन्होंने परिसीमन विधेयक को लोकतंत्र का गला घोंटने वाला करार दिया। शिवसेना (उबाठा) के राज्यसभा सदस्य राउत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मजबूत करना महाराष्ट्र और मराठी मानुष के साथ गद्दारी है, तथा लोग इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘सांसदों की संख्या 543 से बढ़ाकर 806 करना और फिर अपनी मर्जी से परिसीमन करना... यह लोगों के अधिकारों को हमेशा के लिए छीन लेना है। यह भाजपा की एक साजिश है।’’ राउत ने आरोप लगाया कि भाजपा की सभी जीत सही तरीके से अर्जित नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि 2014 में पार्टी ने झूठ बोलकर लोगों को धोखा दिया और जीत हासिल की, 2024 में ईवीएम में ‘‘घोटाला’’ किया, ‘‘वोट और सीट चुराईं’’ और अब, विपक्ष द्वारा उनकी पोल खोले जाने के बाद, वे 2029 के चुनाव से पहले परिसीमन की प्रक्रिया आगे बढ़ा रहे हैं।

शिवसेना (उबाठा) नेता ने कहा, ‘‘यह (परिसीमन प्रक्रिया) देश और इसकी संघीय व्यवस्था के लिए हानिकारक है।’’ उन्होंने दावा किया कि इस विधेयक के पारित होने के बाद न तो कोई संविधान बचेगा, न ही कोई आजादी या लोकतंत्र। राउत ने शरद पवार नीत पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘अगर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने इस विधेयक को समर्थन देने का फैसला किया है और इसकी घोषणा भी कर दी है, तो यह पार्टी की विचारधारा और महाराष्ट्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आपके आठ सांसद ‘महा विकास आघाडी’ के तहत जीते थे। उन्हें जिताने में भाजपा ने कोई मदद नहीं की थी।

अगर आप एकतरफा फैसले ले रहे हैं और किसी विधेयक पर सरकार का समर्थन कर रहे हैं, तो महाराष्ट्र की जनता इसे बर्दाश्त नहीं करेगी।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़