कांग्रेस के वरिष्ठ नेता माखनलाल फोतेदार का निधन

Senior Congress leader Makhan Lal Fotedar passes away in Gurugram

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तथा पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी एवं राजीव गांधी के नजदीकी समझे जाने वाले माखनलाल फोतेदार का निधन हो गया। कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि दिल्ली के समीप गुड़गांव के एक अस्पताल में उनका निधन हुआ।

नयी दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तथा पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी एवं राजीव गांधी के नजदीकी समझे जाने वाले माखनलाल फोतेदार का निधन हो गया। कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि दिल्ली के समीप गुड़गांव के एक अस्पताल में उनका निधन हुआ। मूल रूप से कश्मीर के रहने वाले फोतेदार को 1950 के दशक में जवाहरलाल नेहरू राजनीति में लेकर आये थे और उन्होंने धीरे धीरे कांग्रेस में अपनी स्थिति काफी मजबूत कर ली थी। बाद में वह पार्टी में काफी मजबूत हो गये।

इंदिरा गांधी ने 1980 में उन्हें अपना राजनीतिक सचिव बनाया था। उनकी मृत्यु के बाद राजीव गांधी ने भी उन्हें तीन वर्ष तक अपना राजनीतिक सचिव बनाये रखा और बाद में उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया। फोतेदार काफी समय तक पार्टी की शीर्ष निकाय कांग्रेस कार्य समिति के भी सदस्य रहे। वह अभी तक सीडब्ल्यूसी में स्थायी सदस्य थे। फोतेदार जम्मू कश्मीर विधानसभा के पूर्व सदस्य थे और उन्होंने पहलगाम विधानसभा क्षेत्र का 1967 से 1977 तक प्रतिनिधित्व किया। वह दो बार राज्यसभा के सदस्य भी रहे।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने फोतेदार के निधन पर शोक जताते हुए कहा, ‘‘उनके पांच दशक के लंबे राजनीतिक जीवन में उन्होंने लोगों के अधिकार के लिए अथक संघर्ष किये और पूरी गंभीरता के साथ उनकी सेवा की।’’ सोनिया ने कहा कि फोतेदार कांग्रेस पार्टी के लिए मार्गदर्शन करने वाले व्यक्तित्व थे और उनके स्थान को कभी नहीं भरा जा सकता।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़