Shillong violence: CM Conrad Sangma और हिमंत में हुई वार्ता, शांति बहाली पर जताई सहमति

मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के. संगमा और असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शिलांग में हुई हिंसक घटनाओं के बाद फोन पर संवाद किया। दोनों राज्यों के शीर्ष नेताओं ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था और सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए संयुक्त रूप से काम करने का निर्णय लिया है। खासी छात्र संघ की बाइक रैली के दौरान भड़की हिंसा में असम के 31 वाहनों को नुकसान पहुंचा था और 16 लोग घायल हुए थे।
मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के. संगमा और असम के उनके समकक्ष हिमंत विश्व शर्मा ने 19 अगस्त को शिलांग में हुई हिंसा को लेकर बृहस्पतिवार को बातचीत की और शांति तथा सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए मिलकर काम करने पर सहमति जताई। शिलांग में खासी छात्र संघ (केएसयू) की बाइक रैली के दौरान हिंसा भड़क गई थी। पूर्वी खासी हिल्स के पुलिस अधीक्षक विवेक सिएम ने बताया था कि हिंसा में असम समेत अन्य राज्यों के कम से कम 31 वाहन क्षतिग्रस्त हुए, 16 लोग घायल हुए और दो वाहनों में आग लगा दी गई।
संगमा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘19 अगस्त को शिलांग में हुई दुर्भाग्यपूर्ण हिंसा और उसके बाद हुई प्रतिक्रियाओं को लेकर असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा से बात की। इन घटनाओं का दोनों राज्यों के आम लोगों और यात्रियों पर असर पड़ा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमने हमेशा की तरह स्थिति को सामान्य बनाने के लिए मिलकर काम करने पर सहमति जताई है। दोनों राज्यों के नामित कैबिनेट मंत्री आगे की बातचीत करेंगे और शांति, विश्वास तथा सामान्य स्थिति बहाल करने के उपाय तलाशेंगे।’’ शर्मा ने कहा कि उन्होंने शिलांग में हुई हिंसा के दौरान असम के वाहनों पर हुए हमलों को लेकर संगमा से बातचीत की और राज्य की चिंता से उन्हें अवगत कराया।
उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘मैंने संगमा को शिलांग में हाल की घटनाओं, खासकर असम में पंजीकृत वाहनों को निशाना बनाए जाने को लेकर राज्य की चिंता से अवगत कराया।’’ मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘सीमा सुरक्षा मंत्री अतुल बोरा को मेघालय के अधिकारियों के साथ करीबी समन्वय करने और दोनों राज्यों के बीच शांति एवं सामान्य स्थिति सुनिश्चित करने की दिशा में काम करने को कहा गया है।
अन्य न्यूज़













