संसद की विशेष बैठक: Shiv Sena ने सांसदों को जारी किया Whip, 29 नवंबर तक दिल्ली पहुंचने का निर्देश

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने आगामी विशेष संसदीय सत्र के मद्देनजर अपने लोकसभा और राज्यसभा सांसदों की अनिवार्य उपस्थिति के लिए व्हिप जारी किया है। मुख्य सचेतक श्रीरंग बारणे के अनुसार, सांसदों को 29 नवंबर की रात तक दिल्ली पहुंचने का निर्देश दिया गया है। संसद सत्र से पहले 28 नवंबर को मुंबई में उपमुख्यमंत्री शिंदे की अध्यक्षता में पार्टी सांसदों की रणनीति बैठक भी होगी।

केंद्र में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल शिवसेना ने व्हिप जारी कर अपने सांसदों को 30 नवंबर से शुरू होने वाली संसद की विशेष बैठक में शामिल होने का निर्देश दिया। पार्टी के मुख्य सचेतक श्रीरंग बारणे ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सभी सांसदों से 29 नवंबर की रात तक दिल्ली पहुंचने के लिए कहा गया है।

बरणे ने शिवसेना सांसदों को लिखे पत्र में कहा है कि सत्र में शामिल होने के संदेश को बहुत महत्वपूर्ण माना जाना चाहिए। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना के लोकसभा में 13 सदस्य और राज्यसभा में दो सदस्य हैं। शिवसेना केंद्र और राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन का हिस्सा है।

इस बीच, शिवसेना के एक पदाधिकारी ने बताया कि 28 नवंबर को अपराह्न दो बजे मुंबई में पार्टी के सांसदों की एक ‘महत्वपूर्ण’ बैठक बुलाई गई है। उन्होंने कहा कि इस बैठक की अध्यक्षता शिंदे करेंगे, जिसमें संसद की विशेष बैठक के दौरान पार्टी के रुख और संसदीय कार्यवाही से जुड़े मामलों पर चर्चा की जाएगी। संसद की विशेष बैठक 30 नवंबर से बुलायी गई है, जिसमें जरूरी कामकाज निपटाए जाएंगे।

इस बीच ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि सरकार एक ऐसा संवैधानिक संशोधन विधेयक फिर से पेश कर सकती है, जो महिला आरक्षण लागू करने की प्रक्रिया को परिसीमन से जोड़ता हो।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़