Shravasti में छह साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, BNS और POCSO के तहत केस

उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती में भिनगा पुलिस ने छह वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी 25 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़िता की दादी की तहरीर पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ कड़े कानूनों के तहत मुकदमा दर्ज किया। अस्पताल में उपचार के बाद बच्ची की हालत स्थिर बताई गई है।
श्रावस्ती (उप्र) 22 अगस्त उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले के भिनगा कोतवाली क्षेत्र में कथित तौर पर एक युवक ने छह वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म किया, जसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। पुलिस के अनुसार पीड़िता की दादी ने शुक्रवार को श्रावस्ती जिले की भिनगा कोतवाली में अपनी नाबालिग पोती के साथ दुष्कर्म किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी।
उसने आरोप लगाया था कि आरोपी 25 वर्षीय युवक ननकने ने बृहस्पतिवार को कोल्ड्रिंक पिलाने के बहाने दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। शिकायत के आधार पर कोतवाली भिनगा में ननकने (25) निवासी लोनियनपुरवा, लालपुर महरी, थाना कोतवाली भिनगा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 65(2) (12 वर्ष से कम उम्र की बच्ची के साथ दुष्कर्म), 127(2) (गलत तरीके से बंधक बनाना) तथा पॉक्सो अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। भिनगा के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) भरत पासवान ने बताया कि पीड़िता को स्थानीय सरकारी अस्पताल में इलाज कराकर घर भेज दिया गया है।
इलाज के उपरांत बच्ची की हालत ठीक है। सीओ ने बताया कि शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी ननकने को बनघुसरा मोड़ से गिरफ्तार कर उसे न्यायालय भेजा गया, जहां से आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
अन्य न्यूज़













