Sikkim के Buddha Park में शुरू हुआ लाइट एंड साउंड शो, दिखेगा भगवान बुद्ध का जीवन दर्शन

Sikkim के Buddha Park में शुरू हुआ लाइट एंड साउंड शो, दिखेगा भगवान बुद्ध का जीवन दर्शन
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

दक्षिण सिक्किम के रावांगला स्थित तथागत त्सल में शाम छह बजे से नियमित रूप से एक विशेष शो का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य क्षेत्र में रात्रि पर्यटन को गति देना और आगंतुकों के ठहरने की अवधि को बढ़ाना है। 7,000 फुट की ऊंचाई पर स्थित इस स्थल पर पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए कई पारिस्थितिकी परियोजनाएं भी विकसित की गई हैं।

दक्षिण सिक्किम के रावांगला स्थित तथागत त्सल में पर्यटकों को आकर्षित करने और रात्रि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भगवान बुद्ध के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित एक लाइट एंड साउंड शो शुरू किया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। तथागत त्सल बुद्ध पार्क के नाम से भी प्रसिद्ध है।

अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार से शुरू किया गया यह कार्यक्रम अब प्रतिदिन शाम छह बजे से आयोजित किया जाएगा, जो आगंतुकों को भगवान बुद्ध के जीवन का एक जीवंत अनुभव प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री के नामची जिले के अतिरिक्त राजनीतिक सचिव विष्णु शर्मा ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य रावांगला में संध्याकालीन पर्यटन को बढ़ावा देना, पर्यटकों को अपने प्रवास की अवधि बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करना और स्थानीय होटलों तथा पर्यटन से जुड़े व्यवसायों को लाभ पहुंचाना है। उन्होंने पारिस्थितिकी पर्यटन की संभावनाओं को भी रेखांकित करते हुए कहा कि सतत पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय समुदायों के लिए आजीविका के अवसर पैदा करने के उद्देश्य से इस क्षेत्र में 100 से अधिक परियोजनाएं विकसित की गई हैं।

लगभग 7,000 फुट की ऊंचाई पर स्थित बुद्ध पार्क एक प्रमुख पर्यटन स्थल है, जहां भगवान बुद्ध की 130 फुट ऊंची प्रतिमा स्थापित है, जिसका अभिषेक 14वें दलाई लामा ने 25 मार्च 2013 को किया था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़