शामली में मारे गए YouTuber अंकित बालियान के पोस्टमार्टम में बड़ा खुलासा, शरीर से निकलीं 8 गोलियां

Singer Ankit
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

उत्तर प्रदेश के शामली जिले में हरियाणवी गायक और यूट्यूबर अंकित बालियान की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। वह पिछले कुछ महीनों से अपने पैतृक गांव बंतीखेड़ा में रहकर जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। परिजनों ने इस वारदात के पीछे हरियाणा के सोनीपत से जुड़े विवाद का अंदेशा जताया है।

उत्तर प्रदेश के शामली जिले में ताबड़तोड़ गोलियां लगने से जान गंवाने वाले हरियाणवी गायक एवं यूट्यूबर अंकित बालियान कुछ महीने पहले हरियाणा छोड़कर अपने गांव में रहते थे और जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। बालियान के परिजन को शक है कि उनकी हत्या का असल कारण हरियाणा से ही जुड़ा कोई विवाद है और हत्या हरियाणा के सोनीपत के लोगों ने ही की है। उनके एक परिजन ने पीटीआई—को बताया कि पूर्व में कबड्डी के खिलाड़ी रहे बालियान ने बाद में पैरों में परेशानी की वजह से खेल छोड़कर वर्ष 2022 में यूट्यूब पर अपना चैनल खोला था।

उन्होंने बताया कि बालियान ने अपने यूट्यूब चैनल पर भरी कोर्ट में गोली मारेंगे जैसे कई गीत डाले जो खासे लोकप्रिय हुए। उसके बाद वह हरियाणा के सोनीपत में रहने लगे, मगर पिछले करीब आठ महीने से वह शामली के अपने पैतृक गांव बंतीखेड़ा में रह रहे थे और रोजाना जिम में कसरत करने जाते थे। परिजन ने बताया कि बालियान जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे और इलाके में उनके होर्डिंग, बैनर और पोस्टर भी लगे थे।

इसे भी पढ़ें: Shamli में YouTuber अंकित बालियान की हत्या मामले में पुलिस को मिले कई अहम सुराग

उनका ऐसा कोई राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी नहीं था जिससे उन्हें जान का खतरा हो। उन्होंने बताया कि बालियान की हत्या हरियाणा में ही हुए किसी मामले को लेकर हुई है और हत्या को भी वहीं के हमलावरों ने अंजाम दिया है। परिजन के मुताबिक, बालियान का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था।

इसे भी पढ़ें: Prabhasakshi NewsRoom: “भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान" गीत गाने वाले Ankit Baliyan की हत्या मामले में हुए बड़े खुलासे ने चौंकाया

उन्होंने बताया कि बालियान शारीरिक शिक्षा में स्नातक थे और सरकारी नौकरी के लिये प्रयास भी किये थे। उन्होंने बताया कि बालियान की पत्नी दिल्ली में सरकारी शिक्षिका है और उनका भाई राजीव कोटा में रहता है जबकि उसके पिता सतवीर सिंह सेवानिवृत्त सैनिक हैं। परिजन ने बताया कि हरियाणा के गोगी गैंग के एक गुर्गे ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट कर बालियान की हत्या की जिम्मेदारी ली है।

हालांकि इस दावे की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। परिजन के मुताबिक, पोस्टमार्टम के दौरान उनके शव से आठ गोलियां निकाली गयीं जिनमें से तीन सिर से, इतनी ही हाथ में, एक पेट में और एक पैर में लगी है। उन्होंने बताया कि बालियान का अंतिम संस्कार बंतीखेड़ा गांव में ही होगा।

All the updates here:

अन्य न्यूज़