अडाणी मुद्दे से लोगों का ध्यान हटाने के लिए सिसोदिया को गिरफ्तार किया गया : आप

AAP
ANI

आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और केंद्र पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी ‘‘भाजपा की तानाशाही के अलावा और कुछ नहीं’’ है।

नयी दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और केंद्र पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी ‘‘भाजपा की तानाशाही के अलावा और कुछ नहीं’’ है। सिंह ने कहा कि अडाणी मामले में लोगों का ध्यान भटकाने के लिए यह कार्रवाई की गई है। सिंह ने कहा, ‘‘गरीब बच्चों के कल्याण के लिए जी तोड़ मेहनत करने वाले नेता को सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया है। मनीष सिसोदिया के घर पर छापेमारी की गई, लेकिन कुछ नहीं मिला। अडाणी को लेकर मचे हंगामे से जनता का ध्यान भटकाने के लिए ऐसा किया जा रहा है।’’

इसे भी पढ़ें: ये युद्ध नहीं बल्कि कानून के शासन की बात है, OROP भुगतान पर SC ने रक्षा मंत्रालय को लगाई फटकार

संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा उन नेताओं और उनकी पार्टियों को ‘‘परेशान’’ कर रही है, जिन्होंने अडाणी मामले की संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से जांच कराने की मांग की थी। सिंह ने आरोप लगाया, ‘‘उन्होंने उन नेताओं को परेशान करना शुरू कर दिया है, जो अडाणी मामले की जेपीसी जांच की मांग कर रहे थे।

इसे भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर समेत देश के विभिन्न हिस्सों में सिसोदिया की गिरफ्तारी के खिलाफ ‘आप’ का विरोध प्रदर्शन

सीबीआई, सेबी, आयकर विभाग सब खामोश हैं। एक तरफ अडाणी हैं, जो करोड़ों रुपये की हेराफेरी कर रहे हैं और बिना किसी जांच के खुलेआम घूम रहे हैं तथा दूसरी तरफ वे एक ऐसे नेता को गिरफ्तार कर रहे हैं, जो समर्पित रूप से काम कर रहे हैं।’’ अमेरिका की ‘हिंडनबर्ग रिसर्च’ ने अडाणी समूह की कंपनियों पर शेयर कीमतों में हेराफेरी करने के आरोप लगाए थे। अडाणी समूह ने आरोपों को झूठ बताते हुए खारिज कर दिया है। सिंह ने दावा किया कि भाजपा आप की उपलब्धियों और लोकप्रियता से ‘ईर्ष्या’ करती है। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा आम आदमी पार्टी की उपलब्धियों और बढ़ती लोकप्रियता से जलती है...मैंने कल कहा था कि यह तानाशाही की पराकाष्ठा है और मैं उस बयान को दोहराता हूं। लेकिन लोग सब कुछ देख रहे हैं और वे न्याय सुनिश्चित करेंगे। यह तानाशाही है। जल्द इस तानाशाही का अंत होगा।’’

उन्होंने कहा कि आप आंदोलन से पैदा हुई है और इसके नेता जेल जाने से नहीं डरते। दिल्ली पुलिस पर हमला करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि आप के कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने के लिए पुलिसकर्मियों को आप कार्यालय के भीतर भेजा गया। सिंह ने आरोप लगाया, ‘‘पुलिसकर्मी हमारे पार्टी कार्यालय के अंदर आए और हमारे कार्यकर्ताओं तथा नेताओं को हिरासत में ले लिया। यह भाजपा की तानाशाही की पराकाष्ठा है। दिल्ली पुलिस और तमाम केंद्रीय एजेंसियां भाजपा के इशारे पर काम कर रही हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़