Sitapur में सरकारी अफसर बनकर 27 लाख रुपये की ठगी करने वाला दंपत्ति गिरफ्तार

Sitapur में सरकारी अफसर बनकर 27 लाख रुपये की ठगी करने वाला दंपत्ति गिरफ्तार
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

उत्तर प्रदेश के सीतापुर में खुद को सरकारी अधिकारी बताकर लोगों से 27 लाख रुपये ऐंठने वाले एक दंपत्ति को पुलिस ने पकड़ा है। आरोपियों ने नीलामी का सस्ता सोना दिलाने और खराब नोट बदलने के नाम पर लोगों को अपना शिकार बनाया। पुलिस ने उनके पास से 14 लाख रुपये की नकदी, सोने के जेवर और फर्जी दस्तावेज बरामद किए हैं।

सीतापुर (उप्र), एक अक्टूबर सरकारी अधिकारी बनकर लोगों को सस्ते नीलामी वाले सोने की व्यवस्था करने और खराब नोटों को बदलने के बहाने 27 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में यहां एक दंपति को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की पहचान कन्नौज निवासी रोहित बाजपेई और उसकी पत्नी अनु बाजपेई उर्फ चंद्रा के रूप में हुई, जो नेपाल के चितवन की मूल निवासी है। सीतापुर के पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने बृहस्पतिवार को बताया कि दंपति ने सीतापुर शहर के प्रेम नगर इलाके में एक मकान किराए पर लिया था और लोगों का भरोसा जीतने के लिए फर्जी पहचान पत्रों का इस्तेमाल कर खुद को सरकारी अधिकारी बताकर पेश किया और लोगों से ठगी की।

अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने नीलामी वाला सोना दिलाने के लिए मकान मालिक रामनरेश जायसवाल से 20 लाख रुपये, खराब नोट बदलने के लिए 2 लाख रुपये, एक अन्य व्यक्ति के माध्यम से 1 लाख रुपये और उसी इलाके के एक धोबी से 4 लाख रुपये लिए। अग्रवाल ने कहा, “ दोनों 14 सितंबर को पैसे लेकर फरार हो गए और उसके बाद आगरा, कोटा, बैतूल और चेन्नई में स्थान बदलते रहे।” उन्होंने बताया कि धोखाधड़ी के पैसों से कथित तौर पर लगभग 6 लाख रुपये के सोने के गहने और दो मोबाइल फोन खरीदे गए थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से 14 लाख रुपये नकद, 38.740 ग्राम सोने के गहने, चार मोबाइल फोन और इनकम टैक्स, आधार और पैन कार्ड जैसे नकली पहचान दस्तावेज बरामद किए गए।

जांच के दौरान पुलिस ने दावा किया कि आरोपी 2005 से ही इसी तरह की धोखाधड़ी में शामिल रहे हैं और उनके खिलाफ उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, ओडिशा, राजस्थान और बिहार में मामले दर्ज हैं।

All the updates here:

अन्य न्यूज़