Thiruvananthapuram में कारोबारी से 2.6 करोड़ का Gold लूटने वाले 6 संदिग्ध हिरासत में

केरल पुलिस ने तिरुवनंतपुरम के चालाई में आभूषण कारोबारी से दो किलोग्राम सोना छीनने के मामले में छह संदिग्धों को पकड़ा है। चार आरोपियों को वायनाड से धर दबोचा गया, जहां उनके पास से 448 ग्राम की सोने की छड़ मिली। इस वारदात में शामिल अन्य दो संदिग्धों को राजधानी से हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
एक आभूषण दुकान मालिक से तिरुवनंतपुरम के चालाई इलाके में दो किलोग्राम सोने से भरा बैग छीनने के मामले में शनिवार को पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि वारदात में सीधे तौर पर शामिल चार लोगों को वायनाड के पडिंजरथारा में पकड़ा गया, जबकि साजिश में शामिल होने के संदेह में दो अन्य लोगों को तिरुवनंतपुरम में हिरासत में लिया गया। वायनाड में हिरासत में लिए गए चार लोगों की पहचान अनूप, अनिल, विनोद और राजीव के रूप में हुई है।
ये सभी तिरुवनंतपुरम के निवासी हैं। पुलिस ने उनके वाहन से 448 ग्राम वजन की सोने की एक छड़ बरामद की है। सूत्रों ने बताया कि अन्य लोगों को पकड़े जाने के दौरान कार में सवार एक व्यक्ति फरार होने में सफल रहा, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस ने बताया कि तिरुवनंतपुरम में हिरासत में लिए गए दोनों अन्य संदिग्धों से भी जांच दल पूछताछ कर रहा है। पुलिस के अनुसार, दुकान के मालिक नंदकुमार (50) बृहस्पतिवार रात करीब 10 बजकर 35 मिनट पर दुकान बंद करने के बाद अपने इलेक्ट्रिक स्कूटर से घर लौट रहे थे। पुलिस ने बताया कि जब वह चालाई से मरक्कड़ा रोड की ओर जा रहे थे, तभी मोटरसाइकिल पर सवार हेलमेट पहने दो लोग पीछे से आए और सोने से भरा काला बैग छीनकर फरार हो गए।
प्राथमिकी के अनुसार, चोरी किए गए सोने की कीमत करीब 2.6 करोड़ रुपये थी। इस मामले में फोर्ट थाने में मामला दर्ज किया गया है। सूत्रों ने बताया कि पुलिस को शुक्रवार को संदिग्धों के बारे में कुछ सुराग मिले थे।
पुलिस के अनुसार आरोपी अपराध में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को छोड़ कार से तमिलनाडु चले गए थे। पुलिस ने कहा कि जांच का दायरा तमिलनाडु तक पहुंचने पर गिरोह कर्नाटक चला गया। अधिकारियों ने बताया कि केरल पुलिस की एक टीम उनके पीछे लगी थी, जिसके बाद आरोपियों को पीछा किए जाने का एहसास हुआ और वे वायनाड चले गए।
सूत्रों के अनुसार जांच दल से मिली सूचना के आधार पर वायनाड पुलिस ने चार संदिग्धों को रोककर हिरासत में ले लिया। सूत्रों ने बताया कि कर्नाटक गई पुलिस टीम भी वायनाड पहुंच गई, जबकि तिरुवनंतपुरम से एक अन्य टीम वहां हिरासत में लिए गए दो लोगों को राज्य की राजधानी लाने के लिए भेजी गई।
अन्य न्यूज़














