मुंबई से लौटे 6 व्यक्ति कोरोना संक्रमित, हिमाचल में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 99 हुई

Coronavirus

कांगड़ा के पुलिस अधीक्षक विमुक्त रंजन ने बताया कि कांगड़ा में सामने आए पांच मामलों में लम्बागांव की एक महिला (56), उसका बेटा (31) और उसके बेटे की पत्नी (25) तथा एक अन्य महिला (43) शामिल है। इसके अलावा ज्वालामुखी का एक पुरुष (31) भी संक्रमित पाया गया है।

शिमला। मुंबई से हिमाचल प्रदेश लौटे छह लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं और इसके साथ ही राज्य में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 99 हो गई है। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि संक्रमित पाए गए छह लोगों में से तीन लोग एक ही परिवार के सदस्य हैं। उन्होंने बताया कि तीन महिलाओं समेत पांच लोग कांगड़ा जिले में और एक व्यक्ति कुल्लू जिले में संक्रमित पाया गया। अधिकारियों ने बताया कि ये सभी लोग 18 मई को एक विशेष ट्रेन से 697 अन्य लोगों के साथ मुंबई से राज्य आए थे। कांगड़ा के पुलिस अधीक्षक विमुक्त रंजन ने बताया कि कांगड़ा में सामने आए पांच मामलों में लम्बागांव की एक महिला (56), उसका बेटा (31) और उसके बेटे की पत्नी (25) तथा एक अन्य महिला (43) शामिल है। इसके अलावा ज्वालामुखी का एक पुरुष (31) भी संक्रमित पाया गया है। 

इसे भी पढ़ें: पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 5611 नए केस, संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 106750 पहुंची 

उन्होंने बताया कि ये लोग टांडा में स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद सरकारी चिकित्सीय कॉलेज में की गई जांच में संक्रमित पाए गए। उन्हें परौर में पृथक-वास में रखा गया था, जहां से उन्हें बैजनाथ ले जाया जा रहा है। कांगड़ा में इस समय 18 संक्रमित लोगों का उपचार चल रहा है और एक व्यक्ति की मार्च में मौत हो गई थी। जिले में कुल संक्रमित 27 लोगों में से आठ लोग स्वस्थ हो चुके हैं। पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया किकुल्लू में अन्नी का 23 वर्षीय व्यक्ति संक्रमित पाया गया है। जिले में किसी व्यक्ति के संक्रमित पाए जाने का यह पहला मामला है। 

इसे भी पढ़ें: गोवा में दो और लोगों कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए, 41 संक्रमितों का इलाज चल रहा

गौरव ने बताया कि यह व्यक्ति 18 मई को विशेष ट्रेन से मुंबई से हिमाचल प्रदेश आया था। उन्होंने बताया कि उसे 10 अन्य लोगों के साथ बजौरा में आयुर्वेद अस्पताल में पृथक-वास में रखा गया था। इन सभी लोगों की जांच की गई जिसमें इस व्यक्ति के संक्रमित होने की पुष्टि हुई। इसके अलावा नौ लोग संक्रमित नहीं पाए गए। गौरव ने बताया कि संक्रमित व्यक्ति को शेष सभी से अलग रखा गया है। उसके संपर्क में आए सभी लोगों के नमूने लिए जाएंगे। बस चालक एवं कंडक्टर को पृथक-वास में रखा गया है। राज्य में संक्रमित लोगों की कुल संख्या 99 हो गई है जिनमें से 51 लोग उपचार के बाद संक्रमण मुक्त हो गए हैं और चार की मौत हो गई है। राज्य में 44 लोगों का इलाज चल रहा है जिनमें कांगड़ा के 18, हमीरपुर के 11, बिलासपुर एवं चम्बा के पांच-पांच, सिरमौर एवं ऊना के दो-दो और कुल्लू का एक व्यक्ति शामिल है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़