Emergency के फैसलों में Sanjay Gandhi का था अहम दखल, Sonia Gandhi ने अपनी आत्मकथा में किए कई खुलासे

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' में आपातकाल के दौर के राजनीतिक घटनाक्रम पर विस्तार से बात की है। उन्होंने लिखा है कि संजय गांधी बिना संवैधानिक अधिकार के भी महत्वपूर्ण फैसले ले रहे थे और तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी इस पूरी स्थिति को लेकर मन ही मन सहज नहीं थीं।

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपने दिवंगत देवर संजय गांधी को ‘‘जल्दबाजी में रहने वाला व्यक्ति’’ बताते हुए कहा है कि आपातकाल के दौरान फैसले लेने में उनकी ‘‘अहम भूमिका’’ थी, जबकि कुछ राजनीतिक हस्तक्षेपों के लिए उनके पास कोई संवैधानिक अधिकार नहीं था। सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ में कहा है कि आपातकाल के समय के घटनाक्रम को उन्होंने करीब से देखा था। उन्होंने अपनी आत्मकथा में लिखा है कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी मन ही मन आपातकाल को लेकर कभी पूरी तरह सहज नहीं थीं, लेकिन उस समय की ‘‘अराजक स्थिति’’ के कारण उन्हें यह कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा था।

सोनिया ने पुस्तक में इसका स्मरण किया कि 26 जून, 1975 की सुबह भारत की नींद आपातकाल के साये में खुली थी। उससे पिछली रात गिरफ्तारियां हुई थीं और सुबह तक विपक्ष के अधिकतर प्रमुख नेताओं तथा असहमति जताने वालों को जेल में डाल दिया गया था। सरकार के शीर्ष नेताओं को सरकारी अतिथि गृहों में रखा गया था, जबकि अन्य लोगों को अलग-अलग जेलों में बंद किया गया था।

उन्होंने लिखा है कि बंदी प्रत्यक्षीकरण का अधिकार निलंबित कर दिया गया था और विरोध-प्रदर्शनों तथा सभाओं पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। आत्मकथा में सोनिया ने लिखा, ‘‘देश ने खुद को एक तरह की पाबंदी में पाया। प्रेस पर सेंसरशिप लगा दी गई थी।

कुछ अखबारों ने तुरंत इसका पालन किया, जबकि कुछ ने थोड़े समय तक इसका विरोध किया।’’ उन्होंने कहा कि आपातकाल और उस दौर की उथल-पुथल भरी घटनाओं में संजय की भूमिका को लेकर सच और झूठ, दोनों तरह की बहुत-सी बातें लिखी गई हैं। इनमें यह भी कहा गया कि उन्हें ‘मारुति’ खोने की चिंता थी या वह अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर आशंकित थे। सोनिया ने लिखा, ‘‘उनकी जो भी कमियां रही हों, लेकिन संजय कायर नहीं थे।

दरअसल, वह इस हद तक निडर थे कि लापरवाह हो जाते थे। बाद की घटनाओं से भी यह साबित हुआ कि उनमें किसी भी परिस्थिति का सामना करने और संघर्ष करके दोबारा राजनीतिक नेतृत्व हासिल करने का पर्याप्त साहस था।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि आपातकाल के दौरान फैसले लेने में उनकी अहम भूमिका थी, जबकि उनके कुछ राजनीतिक हस्तक्षेपों के लिए उनके पास संवैधानिक अधिकार नहीं था।’’ सोनिया ने बताया कि संजय ने पांच सूत्री कार्यक्रम शुरू किया था, जिसका मकसद दहेज, जातिगत भेदभाव और निरक्षरता जैसी सामाजिक बुराइयों से निपटना तथा परिवार नियोजन, वृक्षारोपण और शहरी सुधार को बढ़ावा देना था। ये कार्यक्रम युवा कांग्रेस के जरिए चलाए जा रहे थे और संजय का समर्थन हासिल करने के इच्छुक उसके कई सदस्य आक्रामक तथा कठोर रवैया अपनाते थे।

उन्होंने लिखा कि संजय के एजेंडे में परिवार नियोजन का कार्यक्रम सबसे अधिक दूरगामी परिणामों वाला साबित हुआ। यह कार्यक्रम ठीक से तैयार नहीं किया गया था और इसे बेरहमी से लागू किया गया। सरकारी अधिकारियों को नसबंदी के लक्ष्य पूरे करने के लिए प्रोत्साहन दिए जाते थे।

सोनिया ने दिल्ली सहित विभिन्न शहरों में संजय द्वारा झुग्गियों और शहरी अतिक्रमणों को हटाए जाने तथा इस अभियान को लागू करने के तरीके का भी जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि इससे लोगों में गहरी नाराजगी और आक्रोश पैदा हुआ। सोनिया के मुताबिक, राजीव को लगता था कि उनकी मां ‘‘राजनीतिक मुद्दों पर संजय के आक्रामक रुख’’ के कारण दबाव में थीं।

उन्होंने लिखा, ‘‘हम देख सकते थे कि इसकी वजह यह भावना थी कि वह राजनीतिक रूप से घिर गई हैं और अकेली पड़ गई हैं।’’ सोनिया ने बताया कि पायलट के रूप में अपनी यात्राओं के दौरान राजीव यात्रियों से मिलने वाली शिकायतों और प्रतिक्रियाओं के बारे में अपनी मां को बताते थे, लेकिन वह चुपचाप सुनती थीं और कोई टिप्पणी नहीं करती थीं। यदि शिकायत के समर्थन में दस्तावेज होते, तो वह उन्हें अपने कार्यालय भेजने का निर्देश देती थीं, लेकिन उन पर कभी कोई कार्रवाई नहीं होती थी। सोनिया के मुताबिक, ऐसे कई मामले थे।

उनके मित्र भी उन्हें अपने अनुभव और जानकारी खुलकर बताते थे, लेकिन जब वे ये बातें इंदिरा गांधी तक पहुंचाते थे, तब भी उन्हें नजरअंदाज कर दिया जाता था। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष ने लिखा कि आपातकाल के साथ संजय का नाम इस कदर जुड़ गया था कि दोनों एक दूसरे के पर्याय बन गए। उस समय उनकी उम्र महज 30 वर्ष थी और वह ‘‘जल्दबाजी में रहने वाले व्यक्ति’’ थे।

किताब के अनुसार, संजय नौकरशाही के धीमे कामकाज से अधीर हो जाते थे और अपनी राय जाहिर करने से नहीं हिचकते थे, भले ही उनकी बातों को प्रधानमंत्री की आलोचना के रूप में देखा जा सकता था। सोनिया ने यह भी याद किया कि राजीव कई मौकों पर अपने भाई को आगाह करने से नहीं हिचकते थे, भले ही इसके लिए उन्हें संजय की नाराजगी का सामना करना पड़ता था। उन्होंने लिखा, ‘‘पहले दोनों भाइयों के बीच अटूट रिश्ता था, लेकिन संजय की शादी के कुछ महीने बाद स्थितियां बदलने लगीं।

जब उनकी पत्नी (मेनका) मौजूद होती थीं, तो संजय हमारे साथ पहले की तरह सहज और स्नेहपूर्ण नहीं रहते थे।’’ सोनिया के मुताबिक, दोनों के एक मित्र ने राजीव को बताया था कि बातचीत के दौरान मेनका ने संकेत दिया था कि वह (राजीव) संजय से ईर्ष्या करते हैं। इस टिप्पणी से राजीव को ठेस पहुंची थी और वह परेशान हो गए थे। इसके बाद राजीव अधिक सतर्क रहने लगे, उन्होंने अपने भाई से सवाल पूछना बंद कर दिया और उन बातों को बताना भी बंद कर दिया जो वह सुनते थे।

सोनिया ने लिखा कि राजीव को लगता था कि मेनका उनके इरादों को गलत समझ सकती हैं और उन पर ईर्ष्या या विश्वासघात का आरोप लगा सकती हैं। हालांकि, वह अपनी मां को वे बातें बताते रहे, जिनके बारे में उनका मानना था कि उन्हें जानकारी होनी चाहिए। सोनिया ने लिखा कि धीरे-धीरे यह स्पष्ट होने लगा था कि इंदिरा गांधी मिल रही खबरों से परेशान रहने लगी थीं।

उन्होंने कहा, ‘‘मन ही मन वह आपातकाल को लेकर कभी पूरी तरह सहज नहीं थीं, लेकिन उस समय की अराजक स्थिति के कारण उन्हें यह कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा था। एक वैध सरकार पर हो रहे हमले को रोकने के लिए उन्होंने इसे अस्थायी उपाय के तौर पर लागू किया था, लेकिन यह बहुत आगे बढ़ गया था और इसके अनपेक्षित नतीजे उनके सामने थे।’’ सोनिया के मुताबिक, इंदिरा गांधी को एहसास हो गया था कि आपातकाल लोगों पर थोपा गया कदम बन चुका है और लोग इसके साथ-साथ उनके भी खिलाफ हो गए थे। उन्होंने लिखा कि दिसंबर, 1976 में क्रिसमस के कुछ समय बाद इंदिरा गांधी ने राजीव से अपने संदेह साझा किए।

उनके अनुसार, राजीव की मौजूदगी से उनकी मां को सुकून मिलता था। इस समय उनका प्रयास मां को उस रास्ते पर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना था, जिस पर चलने का मन वह बना चुकी थीं। सोनिया ने उस बातचीत को याद करते हुए लिखा कि एक शाम जब वे इंदिरा गांधी के साथ उनके अध्ययन कक्ष में थे, तो राजीव को लगा कि वह शायद अपने मन की बात कहना चाहती हैं।

उन्होंने पूछा, ‘‘मां, आप परेशान लग रही हैं। क्या बात आपको परेशान कर रही है?’’ इंदिरा गांधी ने कहा कि वह थक चुकी हैं और अब बहुत हो चुका है। वह लंबे समय से यह बोझ उठा रही थीं और हालात ठीक नहीं थे।

उन्हें इस तरह निराश देखकर राजीव ने उनसे बात आगे बढ़ाने की कोशिश की। सोनिया के अनुसार, इंदिरा गांधी ने कहा, ‘‘मैंने किसी से चुनावों पर विचार करने को कहा है। तुम्हारा क्या मानना है?’’ राजीव ने जवाब दिया कि चुनावों से स्थिति शांत होगी, भले ही इस बात की पूरी संभावना थी कि नतीजे पार्टी के खिलाफ जाएंगे।

हालांकि, सोनिया ने बताया कि संजय का मानना था कि अभी आपातकाल नहीं हटाया जाना चाहिए। इसके बाद 18 जनवरी को इंदिरा गांधी ने पूरे देश को चौंकाते हुए घोषणा की कि राजनीतिक बंदियों को रिहा किया जाएगा और एक महीने बाद चुनाव कराए जाएंगे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़