Rajiv Gandhi की हत्या से दो माह पूर्व Rahul Gandhi ने जताई थी सुरक्षा पर चिंता, Sonia Gandhi का संस्मरण

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी नई पुस्तक में खुलासा किया है कि 1991 के विस्फोट से पहले राहुल गांधी ने अपने पिता की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गहरी आशंका व्यक्त की थी। उन्होंने बताया कि वीपी सिंह सरकार द्वारा विशेष सुरक्षा समूह हटाने के बाद सुरक्षा का जिम्मा स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया था।

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या से जुड़े घटनाक्रम को याद करते हुए कहा है कि उनके बेटे राहुल गांधी ने हत्या से करीब दो महीने पहले ही अपने पिता की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई थी। सोनिया गांधी ने लिखा है कि राहुल ने राजीव गांधी के साथ एक दौरे के दौरान उनसे कहा था, ‘‘अगर पापा की सुरक्षा के लिए कुछ नहीं किया गया, तो मुझे जल्द ही उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए लौटना पड़ेगा।’’ दरअसल, 21 मई, 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में एक विस्फोट में राजीव गांधी की हत्या कर दी गई थी। सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक में उस शाम की घटनाओं का जिक्र किया है, जब एक महिला ने माला पहनाने के बहाने राजीव गांधी के पास पहुंचकर अपने शरीर पर बंधे विस्फोटकों में धमाका कर दिया था।

इस घटना में पूर्व प्रधानमंत्री के अलावा उनके आसपास मौजूद 14 अन्य लोगों की भी मौत हो गई थी। सोनिया गांधी के मुताबिक, राजीव गांधी की हत्या का यह प्रयास ऐसे समय हुआ, जब तत्कालीन वी पी सिंह सरकार ने उनकी विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी) की सुरक्षा वापस ले ली थी। यह फैसला दिसंबर में हुई एक समिति की बैठक के बावजूद लिया गया था, जिसमें तय किया गया था कि किसी नए खतरे के आकलन के आधार पर बदलाव की जरूरत सामने आने तक एसपीजी सुरक्षा जारी रहनी चाहिए।

उन्होंने लिखा, ‘‘ऐसी कोई समीक्षा कभी नहीं की गई। अगले ही महीने वी पी सिंह सरकार ने एसपीजी सुरक्षा वापस ले ली। सुरक्षा देने के लिए प्रशिक्षित एक विशेष बल की जगह स्थानीय पुलिस को तैनात कर दिया गया।’’ सोनिया गांधी ने बताया कि उस दिन की शुरुआत आम दिनों की तरह ही हुई थी।

जब राजीव गांधी घर से बाहर होते थे, तो उन्हें बिस्तर पर राजीव के हिस्से पर लेटकर एक तरह का सुकून मिलता था। प्रियंका अपने कमरे में एक दोस्त की जन्मदिन की पार्टी में जाने की तैयारी कर रही थीं, जबकि राहुल अमेरिका में कॉलेज में पढ़ रहे थे। उन्होंने लिखा है, ‘‘अचानक मैंने गलियारे में अपने कमरे की ओर तेजी से आते कदमों की आवाज सुनी।

घर में कोई और नहीं था, इसलिए वह प्रियंका ही हो सकती थीं। मुझे लगा कि वह लड़खड़ाईं और फिर अचानक उनके कदम दरवाजे पर रुक गए। मैंने किताब बंद कर दी और बेचैनी के साथ सुनने लगी।’’ सोनिया गांधी के मुताबिक, दरवाजा खुलने पर प्रियंका धीरे-धीरे अंदर आईं।

वह खुद को संभालने की कोशिश कर रही थीं, लेकिन उनकी सांसें तेज थीं, चेहरा पीला पड़ गया था और आंखों में ऐसा अंधेरा था, जैसा उन्होंने पहले कभी नहीं देखा था। प्रियंका ने उन्हें फोन पर मिली सूचना के बारे में बताया कि बम विस्फोट हुआ है, कई लोगों की मौत हो गई है और उन्हें मद्रास जाने के लिए तैयार होना चाहिए। हालांकि, सोनिया को शुरुआत में कुछ समझ नहीं आया।

उन्होंने लिखा, ‘‘मैं समझ नहीं पा रही थी कि वह क्या कह रही हैं। वह तेजी से बोल रही थीं और उनकी कोई बात मेरी समझ में नहीं आ रही थी। मद्रास क्यों?

क्या राजीव मद्रास में थे? कौन-सा बम? प्रियंका के शब्दों से ज्यादा उनकी आवाज में छिपे डर ने मुझे यह समझा दिया कि आखिर हुआ क्या है।

मेरी सांसें थम गईं। मैं खड़ी हुई और उन्होंने आगे बढ़कर मुझे अपनी बांहों में थाम लिया। मैं महसूस कर सकती थी कि उनका दिल तेजी से धड़क रहा था।’’ इसके बाद के कुछ मिनटों में परिवार के लोगों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को कई फोन किए गए।

धीरे-धीरे सोनिया गांधी को घटना की गंभीरता का एहसास हुआ। उन्होंने लिखा, ‘‘मैं अपनी बेटी की बांहों में निढाल सी हो गई। मैं बार-बार कह रही थी, ‘मुझे उनके साथ जाना चाहिए था।

मैं उनके साथ क्यों नहीं गई?’ प्रियंका ने कुछ नहीं कहा। उम्मीद का दामन थामे और इस खबर पर विश्वास नहीं करते हुए मैंने खुद मिस्टर जॉर्ज (पीएस) को फोन किया। मैंने पूछा, ‘बस मुझे बता दीजिए, क्या यह सच है?’ उनकी आवाज लड़खड़ा गई।

उन्होंने कहा, ‘हां, यह सच है। साहब अब नहीं रहे।’ मुझे लगा जैसे मेरी पूरी दुनिया अंधेरे में डूब गई हो और उस अंधेरे ने मुझे पूरी तरह निगल लिया हो।’’ सोनिया गांधी ने लिखा कि उस समय की कई घटनाओं की उनकी अपनी यादें धुंधली हैं। हालांकि, उन्हें घर के कर्मचारियों के रोने-बिलखने और प्रियंका के दुख के बावजूद खुद को संभाले रखने का दृश्य याद है।

उन्होंने लिखा, ‘‘कुछ समय बाद कई घटनाएं मेरी स्मृति में लौटीं, लेकिन आज भी उस समय की मेरी अपनी यादें उन बातों से मिली हुई हैं, जो बाद में मेरी बेटी और अन्य लोगों ने मुझे बताईं। मैंने कर्मचारियों के एक समूह को एक साथ खड़े होकर रोते और आंसू बहाते देखा। बच्चों की देखभाल करने वाली ओंगमू जोर-जोर से विलाप कर रही थीं।

मैं वहां से हट गई। मेरा सिर चकरा रहा था। पैरों में जान नहीं थी और ऐसा लग रहा था कि मैं गिर जाऊंगी।

प्रियंका ने मुझे देखा, संभाला और अपने कमरे में ले जाकर बिस्तर पर बैठाया।’’ सोनिया गांधी ने प्रियंका के बारे में लिखा कि वह अपने पिता की बेहद प्रिय बेटी थीं और अंदर से पूरी तरह टूट चुकी थीं, लेकिन उन्होंने खुद को संभाले रखा। उन्होंने लिखा, ‘‘प्रियंका ने एक बार भी मेरे सामने आंसू नहीं बहाए। उन्होंने सारी जिम्मेदारी अपने हाथों में ले ली थी।

वह अपने कमरे और राहुल के कमरे के बीच लगातार आ-जा रही थीं। वह मुझे ऐसी कोई बात सुनने से बचाना चाहती थीं, जिससे मेरा दुख और बढ़ सकता था। वह फोन पर बात कर रही थीं और किसी से बहस करते हुए कह रही थीं, ‘हमें उस विमान में जाने दीजिए, जो उन्हें लेकर वापस आ रहा है।

अगर आप हमें अनुमति नहीं देंगे, तो हम खुद अपना इंतजाम करेंगे। लेकिन हम जाएंगे।’’ सोनिया गांधी ने बताया कि जब राजीव गांधी के पार्थिव अवशेष दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) लाए गए, तो उन्हें आखिरी बार देखने की तीव्र इच्छा हुई। उन्हें राजीव की कही एक बात और उनकी एक स्नेहभरी नजर याद आई।

उन्हें यह भी याद आया कि राजीव ने अपनी मां की तरह अपनी आंखें दान करने का फैसला किया था। किताब में उन्होंने लिखा है, ‘‘मुझे किसी को उनकी इच्छा के बारे में बताना था। मुझे अपने पारिवारिक चिकित्सक का ध्यान आया, जो संकट के समय हमेशा हमारे साथ रहते थे।

मैंने पूछा, ‘क्या डॉ. माथुर यहां हैं? मुझे उनसे तुरंत बात करनी है, यह बहुत जरूरी है।’ डॉक्टर ने जवाब दिया, ‘आंखें? अरे क्या बात करते हो, कुछ नहीं बचा है, कुछ भी नहीं।’ उनके इस जवाब ने मुझे ऐसा झटका दिया कि मेरा जी मिचलाने लगा।

मुझे उल्टी जैसा महसूस हुआ। मैं सांस नहीं ले पा रही थी। मैं मर जाना चाहती थी।’’ इसके बाद राहुल गांधी भी विदेश से पहुंचे।

सोनिया गांधी ने लिखा, ‘‘एक दोस्त ने राहुल को फोन कर कहा था, ‘बुरी खबर है।’ इस पर राहुल ने तुरंत जवाब दिया, ‘पापा नहीं रहे, है न?’ मैं उन्हें (राहुल) कसकर गले लगा लेती हूं। अगर उनके कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं हुआ होता, तो वह उस समय श्रीपेरंबदूर में राजीव के साथ ही होते। अब वह अपने पिता के पार्थिव अवशेषों के पास निःशब्द खड़े थे।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़