यूपी में हार के बाद अखिलेश यादव का आया बयान, सपा ने दिखा दिया कि भाजपा की सीटों को घटाया जा सकता है

akhilesh yadav

अखिलेश यादव ने कहा कि, सपा ने दिखा दिया कि भाजपा की सीटों को घटाया जा सकता है।भाजपा की सीटों में यह कमी निरंतर जारी रहेगी। आधा से अधिक भ्रम और छलावा दूर हो गया है बाकी कुछ दिनों में दूर हो जाएगा।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में हार के बावजूद समाजवादी पार्टी (सपा) की सीटें बढ़ने और मत प्रतिशत में इजाफा होने पर पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने राज्य की जनता का धन्यवाद किया और कहा कि हमने दिखा दिया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सीटों को घटाया जा सकता है। यादव ने शुक्रवार सुबह ट्वीट किया, ‘‘उत्तर प्रदेश की जनता को हमारी सीटें ढाई गुनी करने और मत प्रतिशत डेढ़ गुना बढ़ाने के लिए हार्दिक धन्यवाद। हमने दिखा दिया है कि भाजपा की सीटों को घटाया जा सकता है। भाजपा की सीटों में यह कमी निरंतर जारी रहेगी। आधा से अधिक भ्रम और छलावा दूर हो गया है बाकी कुछ दिनों में दूर हो जाएगा। जनहित का संघर्ष जीतेगा।’’

इसे भी पढ़ें: बाबा का बुलडोजर है रुकेगा नहीं, गोरखपुर का सन्यासी है झुकेगा नहीं

यादव ने एक और ट्वीट में सपा गठबंधन के जीते हुए विधायको को बधाई देते हुए कहा, ‘‘सपा-गठबंधन के जीते हुए सभी विधायकों को हार्दिक बधाई। सभी नये विधायक जनता की सेवा व सहायता करने की जिम्मेदारी शत-प्रतिशत निभाएं। उस हर एक छात्र, बेरोजगार युवा, शिक्षक, शिक्षामित्र, महिला, पुरानी पेंशन के समर्थक, किसान, मजदूर और प्रोफेशनल को धन्यवाद जिसने हममें विश्वास जताया।’’ निर्वाचन आयोग की वेबसाइट से प्राप्त जानकारी के अनुसार, विधानसभा चुनाव, 2022 में समाजवादी पार्टी ने 111 सीटों, सहयोगी दल राष्ट्रीय लोकदल ने आठ सीटों, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने छह सीटों पर जीत हासिल की है। भारतीय जनता पार्टी ने 255 सीटों पर जीत हासिल कर राज्य में सत्ता में शानदार वापसी की है। राज्य में 2017 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने 47 सीटों पर जीत हासिल की थी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़