Om Prakash Rajbhar के काफिले को Deoria में काला झंडा दिखाने पर सपा नेता गिरफ्तार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

उत्तर प्रदेश में मईल थाना क्षेत्र के भगवानपुर-पिंडी तिराहे पर कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर के काफिले के सामने काला झंडा लहराने के मामले में पुलिस ने सपा नेता ज्ञान प्रकाश यादव को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। यह घटना देवरिया से बलिया जाते समय दोपहर के वक्त हुई, जिसके बाद पुलिस ने निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए आरोपी को सलेमपुर एसडीएम के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया।

उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर को कथित तौर पर काला झंडा दिखाने और नारेबाजी करने के आरोप में समाजवादी पार्टी (सपा) के एक नेता को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, घटना दोपहर करीब डेढ़ बजे मईल थाना क्षेत्र के भगवानपुर-पिंडी तिराहे पर उस समय हुई, जब राजभर का काफिला देवरिया से बलिया की ओर जा रहा था।

पुलिस ने बताया कि मुरासो गांव निवासी सपा नेता ज्ञान प्रकाश यादव मंत्री के काफिले के कथित तौर पर सामने आ गए और काला झंडा लहराने लगे। अधिकारियों ने बताया कि पुलिसकर्मियों ने भगवानपुर चौराहे के पास यादव को हिरासत में ले लिया और उन्हें पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिण) सुनील कुमार सिंह ने बताया कि सपा नेता के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

मईल थाना प्रभारी विकास नाथ ने बताया कि यादव को निरोधात्मक कार्रवाई के तहत गिरफ्तार किया गया और सलेमपुर के उपजिलाधिकारी के समक्ष पेश किए जाने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।

All the updates here:

अन्य न्यूज़