दिल्लीवासियों के लिए राहत की खबर, तेज हवाओं के कारण सुधरी वायु गुणवत्ता !

Delhi Air Quality
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने कहा, ‘‘आमतौर पर, रात में हवाओं की गति कम रहती है।बृहस्पतिवार रात को हवा की अनुकूल गति (8-12 किमी प्रति घंटा) के कारण स्थिति में सुधार हुआ।”

नयी दिल्ली। दिल्ली में तेज हवाओं के कारण वायु गुणवत्ता शुक्रवार सुबह सुधरकर “मध्यम” श्रेणी में पहुंच गई और हवा की गति बढ़ने के साथ इसमें और सुधार की उम्मीद है। शहर में शुक्रवार सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 131 दर्ज किया गया। बृहस्पतिवार शाम चार बजे यह 302 दर्ज किया गया था जबकि बुधवार को 24 घंटे का एक्यूआई 413 दर्ज किया गया था जो ‘गंभीर’ में माना जाता है। 

इसे भी पढ़ें: पुडुचेरी में चक्रवात 'निवार' के कारण भारी बारिश, कोई हताहत नहीं 

उल्लेखनीय है कि शून्य से 50 के बीच वायु गुणवत्ता सूचकांक ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘अत्यंत खराब’ और 401 से 500 के बीच वायु गुणवत्ता सूचकांक ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है। दिल्ली में वायु गुणवत्ता में सुधार और साफ आकाश का प्रमुख कारण तेज हवाएं और पराली जलाने की घटनाओं में आयी भारी कमी है। 

इसे भी पढ़ें: मौसम ने अचानक बदली करवट! उत्तर भारत मे बढ़ी ठंड, राजस्थान न्यूनतम तापमान बढ़ा 

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के पर्यावरण अनुसंधान केंद्र के प्रमुख वीके सोनी ने बताया कि हवा की गति पूरी रात अनुकूल रही, जिससे स्थिति बेहतर हुई। उन्होंने कहा, ‘‘आमतौर पर, रात में हवाओं की गति कम रहती है। बृहस्पतिवार रात को हवा की अनुकूल गति (8-12 किमी प्रति घंटा) के कारण स्थिति में सुधार हुआ।” भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार शुक्रवार को हवा की अधिकतम गति 14 किमी प्रति घंटा रहने का अनुमान है। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के वायु गुणवत्ता निगरानी प्रणाली ‘सफर’ के अनुसार दिल्ली में वायु प्रदूषण में पराली जलाने का योगदान बृहस्पतिवार को महज एक प्रतिशत रहा। मौसम विभाग ने कहा कि शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।

Disclaimer:प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


अन्य न्यूज़