अहमदाबाद विमान दुर्घटना: अक्टूबर में सुप्रीम कोर्ट में सौंपी जाएगी एएआईबी की अंतिम मसौदा रिपोर्ट

केंद्र सरकार ने उच्चतम न्यायालय को सूचित किया है कि जून 2025 में हुए अहमदाबाद एअर इंडिया विमान हादसे की जांच करने वाले विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो की अंतिम मसौदा रिपोर्ट अक्टूबर के पहले सप्ताह में सीलबंद लिफाफे में पेश की जाएगी। सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत को बताया कि याचिकाकर्ताओं के अनुरोध पर चार सिमुलेशन परीक्षण किए जा चुके हैं। शीर्ष अदालत ने इस मामले की अगली सुनवाई के लिए 13 अक्टूबर की तारीख तय की है।
नयी दिल्ली, 28 जुलाई सरकार ने मंगलवार को उच्चतम न्यायालय बताया कि जून, 2025 में अहमदाबाद में हुए एअर इंडिया उड़ान हादसे की जांच करने वाले विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) की अंतिम मसौदा रिपोर्ट अक्टूबर के पहले सप्ताह में सीलबंद लिफाफे में अदालत के समक्ष पेश की जाएगी। प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची तथा न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता की इन दलीलों पर भी संज्ञान लिया कि ‘फेडरेशन ऑफ इंडियन पायलट्स’ एएआईबी को अपने सुझाव दे सकता है, जिन पर एएआईबी जांच के दौरान आवश्यक समझे जाने पर विचार किया जा सकता है। सॉलिसिटर जनरल ने संक्षिप्त सुनवाई के दौरान पीठ को बताया कि याचिकाकर्ताओं में से एक द्वारा दायर आवेदन में किए गए अनुरोध पर चार ‘सिमुलेशन’ परीक्षण किए जा चुके हैं।
विधि अधिकारी ने कहा कि अंतिम मसौदा रिपोर्ट पीठ के समक्ष सीलबंद लिफाफे में दाखिल की जाएगी। अदालत एक एनजीओ, एक विधि छात्र और मृत पायलट के पिता द्वारा दायर याचिकाओं पर सुनवाई कर रही थी। इन याचिकाओं में दुर्घटना की स्वतंत्र और अदालत की निगरानी में जांच कराने का अनुरोध किया गया है।
पीठ ने इन याचिकाओं पर अगली सुनवाई के लिए 13 अक्टूबर की तारीख निर्धारित कर दी। एएआईबी ने हाल में उच्चतम न्यायालय को सूचित किया था कि अहमदाबाद में हुए विमान हादसे की जांच की अंतिम मसौदा रिपोर्ट इस साल अक्टूबर तक तैयार होने की संभावना है। बारह जून 2025 को अहमदाबाद से लंदन जा रही एआई-171 (बोइंग 787-8) उड़ान के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से 260 लोगों की मौत हो गई थी।
अन्य न्यूज़














