TVK प्रमुख और मुख्यमंत्री C Joseph Vijay ने मदुरंतकम में ट्रैक्टर चलाकर किया चुनाव प्रचार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने मदुरंतकम विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव के प्रचार के दौरान एक खेत में खुद ट्रैक्टर चलाया। रोड शो के बीच एक किसान को खेत में काम करते देख उन्होंने अपना काफिला रुकवाया और ड्राइविंग सीट संभाल ली। इसके बाद उन्होंने पार्टी उम्मीदवार मरगाथम कुमारवेल के समर्थन में मतदाताओं और स्थानीय मजदूरों से सीधा संवाद किया।

मदुरंतकम (तमिलनाडु), दो अक्टूबर तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के अध्यक्ष एवं तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने छह अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव के लिए प्रचार के बीच शुक्रवार को ट्रैक्टर चलाया। विजय आधिकारिक कार्यक्रमों में अक्सर वाहन चलाते हैं। विजय का काफिला जब यहां के पास एक गांव से गुजर रहा था, तो सड़क किनारे एक किसान को खेत में ट्रैक्टर चलाते देखकर रुक गया।

सफेद कमीज और धोती पहने मुख्यमंत्री अपने वाहन से उतरे और सीधे खेत में गए तथा ट्रैक्टर चला रहे किसान से बातचीत की। किसान ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कुछ ही देर बाद विजय ने ट्रैक्टर की ड्राइविंग सीट संभाली और कीचड़ से भरे खेत में कुछ मिनट तक ट्रैक्टर चलाया।

इसके बाद वह उसे मुख्य सड़क पर ले आए, जहां इंतजार कर रहे लोगों ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने किसान को अपना ट्रैक्टर चलाने की अनुमति देने के लिए धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री ने किसान के कंधे पर हाथ रखकर उसके साथ सेल्फी भी ली।

विजय ने मदुरंतकम विधानसभा क्षेत्र में पार्टी उम्मीदवार मरगाथम कुमारवेल के लिए वोट मांगते हुए यहां गांवों में रोड शो किया। प्रचार के दौरान विजय अक्सर अपने वाहन से उतरकर लोगों से मिलते रहे। उन्होंने एक गांव में दिव्यांग लोगों से मुलाकात की।

उन्होंने खेत में काम कर रहे कृषि मजदूरों से भी कुछ देर बातचीत की। उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ एक दुकान पर चाय भी पी। एक महिला और उसके बच्चे को पारंपरिक आरती करते देखकर विजय अपने वाहन से उतरे और स्वयं उनकी आरती की तथा दोनों को तिलक लगाया।

विजय आधिकारिक कार्यक्रमों में कार समेत कई वाहन चला चुके हैं।

All the updates here:

अन्य न्यूज़