Tamil Nadu में वोटर लिस्ट से छूटे लोगों और नए मतदाताओं के लिए चलेगा विशेष अभियान

तमिलनाडु में निर्वाचन आयोग छूटे हुए नागरिकों और नए युवा मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए राज्यव्यापी विशेष अभियान आयोजित करेगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी अर्चना पटनायक ने जिला अधिकारियों के साथ बैठक कर भारतीय निर्वाचन आयोग के निर्देशों को लागू करने की रणनीति तय की।
चेन्नई, दो अक्टूबर तमिलनाडु में निर्वाचन आयोग नए मतदाताओं और ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (एसआईआर) अभियान के दौरान जिनके नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके, उन्हें जोड़ने के लिए पूरे राज्य में एक विशेष अभियान चलाएगा। राज्य की मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) अर्चना पटनायक ने यह जानकारी दी। सीईओ ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के बाद बृहस्पतिवार को सभी जिला अधिकारियों के साथ इस संबंध में बैठक की अध्यक्षता की।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके और युवा या पहली बार मतदान के पात्र मतदाताओं को जोड़ने के लिए सभी जिलों में एक विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने यहां जारी एक बयान में कहा, “भारत निर्वाचन आयोग ने 29 सितंबर, 2026 को जारी अपने पत्र में निर्देश दिया है कि जिन राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में एसआईआर पहले ही पूरा हो चुका है, वहां सीईओ, जिला निर्वाचन अधिकारी और निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ) द्वारा सतत अद्यतन की प्रक्रिया के तहत उन लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए, जिनका नाम एसआईआर के दौरान नहीं जुड़ पाया। युवा और पहली बार मतदान के पात्र मतदाताओं को भी इसमें शामिल किया जाए।” अर्चना पटनायक ने कहा कि प्रपत्र-छह के साथ संलग्न घोषणा पत्र का उपयोग केवल एसआईआर चरण के दौरान किया जाएगा, जबकि एसआईआर से इतर अवधि के लिए निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण नियम, 1960 के अनुसार लागू प्रपत्र का उपयोग किया जाएगा।
अन्य न्यूज़














