Tamil Nadu में Northeast Monsoon की दस्तक, Chennai समेत 17 जिलों में Yellow Alert जारी

Tamil Nadu में Northeast Monsoon की दस्तक, Chennai समेत 17 जिलों में Yellow Alert जारी
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

तमिलनाडु में पूर्वोत्तर मानसून के सक्रिय होते ही चेन्नई और आसपास के क्षेत्रों में तेज बारिश के कारण जलभराव और यातायात की समस्या पैदा हो गई है। मौसम विभाग ने उत्तरी तमिलनाडु और तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण को इस बारिश की वजह बताया है। आईएमडी ने 23 अक्टूबर तक राज्य के 17 जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी देते हुए अलर्ट जारी रखा है।

तमिलनाडु में पूर्वोत्तर मानसून के सक्रिय होने के साथ ही चेन्नई और आसपास के जिलों में भारी बारिश हुई। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) ने रविवार को यह जानकारी दी। चेन्नई के कई हिस्सों में शनिवार रात भारी बारिश हुई, जिससे कई इलाके जलमग्न हो गए और यातायात प्रभावित हुआ।

बारिश का सबसे अधिक असर शुरुआत में उत्तरी चेन्नई में हुआ, जहां एक घंटे से भी कम समय में छह से 10 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। शनिवार शाम साढ़े पांच बजे तक पिछले 24 घंटों में कांचीपुरम जिले के उत्तिरमेरूर में सबसे अधिक 15 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसी अवधि में कल्लाकुरिची के मनालूरपेट में 12 सेंटीमीटर बारिश हुई।

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र और भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने पुष्टि की कि पूर्वोत्तर मानसून सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी तमिलनाडु और तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर वायुमंडल की ऊपरी परतों में चक्रवाती परिसंचरण तथा लक्षद्वीप से दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक फैली कम दबाव की पट्टी के कारण भारी बारिश हुई। आईएमडी ने चेन्नई, तिरुवल्लूर, चेंगलपट्टू, कांचीपुरम, कुड्डालोर और तिरुचि समेत 17 जिलों में 23 अक्टूबर तक बारिश को लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।

‘येलो अलर्ट’ का मतलब छह से 11 सेंटीमीटर तक भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों ने चेन्नई, चेंगलपट्टू, तिरुवल्लूर, कांचीपुरम, विल्लुपुरम, कुड्डालोर, मयिलादुथुराई, नागपट्टिनम, तंजावुर, तिरुवरूर, पुदुक्कोट्टई, रामनाथपुरम, शिवगंगा, तूतीकोरिन, कल्लाकुरिची, अरियालुर, पेरम्बलूर, तिरुचिरापल्ली, नीलगिरि, कोयंबटूर और तिरुनेलवेली समेत कई जिलों में व्यापक पैमाने पर बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है। विभाग के अनुसार, पुडुचेरी और कराईकल में भी बारिश होने की संभावना है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़