Tamil Nadu: विजय ने 10वीं और 12वीं के होनहार छात्रों को बांटे पुरस्कार, की आत्मीय बातचीत

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

चेन्नई के नीलंकरई में आयोजित एक समारोह में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने बोर्ड परीक्षाओं के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। टीवीके के तत्वावधान में हुए इस कार्यक्रम में उन्होंने दिव्यांग विद्यार्थियों की समस्याएं सुनीं और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। इस दौरान छात्रों और उनके परिजनों ने भी मंच पर उनसे खुलकर अपनी बात रखी।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने शुक्रवार को यहां नीलंकरई में 10वीं और 12वीं कक्षा के मेधावी विद्यार्थियों को शैक्षणिक उत्कृष्टता पुरस्कार, छात्रवृत्तियां एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए। यह पुरस्कार वितरण समारोह सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) के तत्वावधान में आयोजित किया गया। विजय ने दिव्यांग विद्यार्थियों सहित अन्य विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से मंच पर बातचीत की।

उन्होंने स्वयं विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। विजय इस दौरान एक विद्यार्थी की व्हीलचेयर के पास घुटनों के बल बैठ गए और धैर्यपूर्वक उसकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने इसके बाद मंत्री एन. आनंद से छात्र की जरूरतों पर ध्यान देने और उनका समाधान करने को कहा।

विजय ने मंच पर एक विद्यार्थी के साथ हाथों से दिल का आकार बनाकर तस्वीर खिंचवाई। तस्वीरें खिंचवाने के दौरान एक छोटे विद्यार्थी ने मुख्यमंत्री के गाल पर चुंबन देकर उन्हें आश्चर्यचकित कर दिया। इसी दौरान बच्चे के पिता ने विजय से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा में मदद के लिए लैपटॉप उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

एक अन्य विद्यार्थी ने विजय से धूप का चश्मा पहनकर उसके साथ तस्वीर खिंचवाने का आग्रह किया, जबकि एक अन्य बच्चे ने कैमरे के सामने तस्वीर खिंचवाने के लिए उन्हें अलग-अलग अंदाज में पोज देना सिखाया। एक विद्यार्थी ने विजय से अपने कंधे पर शॉल ओढ़ने के बजाय उसे अपने पिता के कंधों पर डालने का अनुरोध किया। वहीं, एक मां अपनी बेटी के साथ मंच पर पहुंचीं और उन्होंने विजय के माथे पर भस्म लगाकर उन्हें हैरान कर दिया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़