Tilak Nagar में बल्ब की दुकान से 10 लाख चुराने वाले तीन आरोपी दबोचे गए

पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में बल्ब की दुकान का ताला तोड़कर नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने तीन युवकों को पकड़ा है। आरोपियों के पास से चोरी की गई रकम में से 9.70 लाख रुपये और जरूरी दस्तावेज बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी. स्वामी के अनुसार मामले की विस्तृत जांच जारी है।
पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर में बिजली बल्ब की एक दुकान से 10 लाख रुपये नकद चोरी करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पश्चिम दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) हरेश्वर वी. स्वामी ने बताया कि चोरी की गई रकम में से 9.70 लाख रुपये बरामद कर लिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि 20 नवंबर को आरोपियों ने दुकान के शटर का कथित तौर पर ताला तोड़कर लॉकर में रखी नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर लिए थे। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में 20 नवंबर को तिलक नगर थाने में मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए एक टीम गठित की गई।
अधिकारी ने बताया कि टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान दिल्ली निवासी श्रवण कुमार उर्फ छोटू (21), गौतम कुमार उर्फ भोलू (18) और अरुण कुमार (18) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उनके पास से 9.70 लाख रुपये बरामद किए गए। मामले की आगे जांच की जा रही है।
अन्य न्यूज़













