Thane में 8.5 करोड़ की रंगदारी मांगने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, 10 लाख लेते पकड़े गए

Thane में 8.5 करोड़ की रंगदारी मांगने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, 10 लाख लेते पकड़े गए
प्रतिरूप फोटो

महाराष्ट्र की ठाणे अपराध शाखा ने कलवा स्थित एक डेवलपर से 8.5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी 30 जुलाई को पीड़ित के कार्यालय में 10 लाख रुपये की पहली किश्त लेते समय रंगे हाथों पकड़े गए थे। अदालत ने संतोष बावडेकर, सिद्धेश बडकोली और इम्तियाज मोमिन को 7 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

ठाणे, पांच अगस्त महाराष्ट्र के ठाणे में एक नामी बिल्डर से कथित तौर पर 8.5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और पहली किश्त के रूप में 10 लाख रुपये लेने के आरोप में अपराध शाखा ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान संतोष बावडेकर (47), सिद्धेश बडकोली (35) और इम्तियाज इलियास मोमिन (31) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, कलवा स्थित रियल एस्टेट डेवलपर से बावडेकर ने एक संपत्ति के मूल मालिक की मृत्यु के बाद संपर्क किया था। पुलिस ने बताया कि बावडेकर ने ठाणे की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) में शिकायत दर्ज कराई और बिल्डर को केंद्रीय एजेंसियों व अदालतों में भी शिकायतें दर्ज कराकर कानूनी दाव-पेंच में फंसाने की धमकी दी थी। पुलिस के अनुसार, शिकायत वापस लेने के लिए उसने कथित तौर पर सरकारी विभागों में मामला निपटाने के नाम पर 4.5 करोड़ रुपये और अपने तथा अपने दो साथियों के लिए अतिरिक्त चार करोड़ रुपये की मांग की थी।

बिल्डर ने पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद अपराध शाखा की यूनिट-1 ने मामले की जांच शुरू की। जब तीनों आरोपी 30 जुलाई को पहली किश्त के रूप में 10 लाख रुपये नकद लेने के लिए कलवा स्थित पीड़ित के कार्यालय पहुंचे, तो अपराध शाखा के अधिकारियों ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि कलवा पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की रंगदारी और साझा मंशा से संबंधित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि अदालत ने आरोपियों को सात अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़