Parliament का विशेष सत्र बुलाने का कोई प्रस्ताव नहीं, Kiren Rijiju ने दी जानकारी

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने स्पष्ट किया है कि महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयकों को लेकर 16 से 18 अगस्त के बीच संसद का कोई विशेष सत्र बुलाने का प्रस्ताव नहीं है। सरकार मौजूदा मॉनसून सत्र में ही 2029 के लोकसभा चुनावों के लिए महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाले संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने का प्रयास कर रही है। इस सिलसिले में रीजीजू ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से भी मुलाकात की है।
नयी दिल्ली, पांच अगस्त संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने बुधवार रात कहा कि महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयकों को लेकर 16 से 18 अगस्त के बीच संसद का विशेष सत्र बुलाने का कोई प्रस्ताव नहीं है। सरकार मौजूदा मॉनसून सत्र में संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने की नए सिरे से कोशिश कर रही है। इस विधेयक का मकसद 2029 में लोकसभा चुनाव में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करना और लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर 816 करना है।
कुछ राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि स्वतंत्रता दिवस के बाद संसद का विशेष सत्र बुलाकर परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण संशोधन विधेयक फिर से पेश किए जा सकते हैं। इस बारे में पूछे जाने पर रीजीजू ने विशेष सत्र के किसी भी प्रस्ताव से इनकार किया। उन्होंने पीटीआई-से कहा, ‘‘महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक को लेकर 16 से 18 अगस्त के बीच कोई विशेष सत्र बुलाने का प्रस्ताव नहीं है।’’ इस बीच सूत्रों ने बताया कि इसी सिलसिले में रीजीजू ने बुधवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात की और विधेयक को फिर से पेश करने पर चर्चा की, लेकिन कांग्रेस नेता की ओर से कोई पक्का आश्वासन नहीं मिला।
अन्य न्यूज़













