Kalyan में महिला सहकर्मी को अनुचित संदेश भेजने पर उप स्टेशन प्रबंधक पर FIR दर्ज

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

महाराष्ट्र के ठाणे जिले में कल्याण रेलवे पुलिस ने 50 वर्षीय उप स्टेशन प्रबंधक के खिलाफ सहकर्मी से अभद्र व्यवहार करने का मामला दर्ज किया है। 36 वर्षीय महिला का आरोप है कि त्योहार की छुट्टी मांगने पर अधिकारी ने व्हाट्सएप पर अनुचित संदेश भेजे और ड्यूटी के दौरान पीछा भी किया।

ठाणे, छह अक्टूबर रेलवे पुलिस ने ठाणे जिले के कल्याण में 50 वर्षीय उप स्टेशन प्रबंधक के खिलाफ एक महिला सहकर्मी को व्हाट्सऐप पर कथित तौर पर अनुचित संदेश भेजने और उसके प्रति अनुचित व्यवहार करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि 36 वर्षीय महिला ने त्योहार के लिए छुट्टी मांगते हुए आरोपी को संदेश भेजा था लेकिन आधिकारिक अनुरोध का जवाब देने के बजाय आरोपी ने उसे कथित तौर पर अनुचित संदेश भेजे।

उन्होंने बताया कि महिला ने यह भी आरोप लगाया कि ड्यूटी के दौरान आरोपी अक्सर गलत नीयत से उसे घूरता था और उसकी इच्छा के विरुद्ध उसके करीब आने की कोशिश करता था। महिला की शिकायत के आधार पर कल्याण राजकीय रेलवे पुलिस ने सोमवार को आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 75(1) (यौन उत्पीड़न) और 78(1) (पीछा करना/अनुचित आचरण) के तहत प्राथमिकी दर्ज की। अधिकारी ने कहा, ‘‘पुलिस मामले की जांच कर रही है और अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़