Dhar Road Accident: बोलेरो और बाइक की भीषण टक्कर में 3 की मौत, बच्ची अस्पताल में भर्ती

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मध्यप्रदेश के धार जिले में रविवार दोपहर मागोद-मनावर स्टेट हाईवे पर बोलेरो कार की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार पिता-पुत्र सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल 12 वर्षीय बच्ची का गंधवानी अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

मध्यप्रदेश के धार जिले में रविवार दोपहर सड़क दुर्घटना में पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई जबकि एक लड़की गंभीर रूप से घायल हुई है। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना जिला मुख्यालय से लगभग 40 किलोमीटर दूर मागोद-अमझेरा-मनावर स्टेट हाईवे पर जीराबाद के पास डागरिया वन गांव में हुई।

अधिकारी के मुताबिक केशवी निवासी अंतर सिंह (32) बहन को रक्षाबंधन पर घर आने का निमंत्रण देने के लिए चार वर्षीय बेटे अशोक, 12 साल की बेटी रेशम और 50 वर्षीय चाचा भूरू सिंह के साथ मोटरसाइकिल से रोडदा गांव जा रहे थे। उन्होंने बताया कि बहन के घर से लगभग पांच किलोमीटर पहले डागरिया वन गांव के पास एक बोलेरो कार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। उन्होंने कहा कि टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सड़क से दूर जा गिरी और अंतर सिंह, अशोक और भूरू सिंह ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

अधिकारी ने बताया कि हादसे में रेशम गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका गंधवानी के एक अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। जीराबाद चौकी के प्रभारी रविंद्र चौधरी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि बोलेरो अमझेरा से जीराबाद की ओर जा रही थी। उन्होंने कहा कि पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करना शुरू कर दिया है और मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए गंधवानी अस्पताल भेजे गए हैं।

हादसे के बाद मागोद-मनावर मार्ग पर कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा।

All the updates here:

अन्य न्यूज़