Tiruchirappalli में पुलिस पर हमले के बाद दोहरे हत्याकांड का आरोपी गोली लगने से पकड़ा गया

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में दो नाबालिगों की हत्या के आरोपी शिवनेसन ने पूछताछ और हथियार बरामदगी के दौरान एक कांस्टेबल पर हमला कर भागने की कोशिश की। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली पैर में लगने के बाद उसे दबोच लिया गया। घायल कांस्टेबल मोहन और आरोपी दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में बुधवार को पूछताछ के दौरान एक पुलिस कांस्टेबल के खिलाफ कथित तौर पर हमला कर भागने की कोशिश करने वाले तथा दोहरे हत्याकांड के आरोपी के पैर में गोली मारकर उसे पकड़ लिया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान शिवनेसन के रूप में हुई है और उसे जिले के इनाम समयपुरम के पास दो नाबालिगों की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस की एक टीम शिवनेसन को पूछताछ एवं अपराध में इस्तेमाल किए गए हथियारों की बरामदगी के लिए ले गई थी। इसी दौरान उसने कथित तौर पर कांस्टेबल मोहन पर हमला किया और मौके से भागने की कोशिश की। उसे रोकने के लिए पुलिस ने गोली चलाई, जो उसके पैर में लगी।

इसके बाद उसे पकड़ लिया गया। हमले में घायल कांस्टेबल मोहन को उपचार के लिए तिरुचिरापल्ली सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों ने बताया कि जिले के पुलिस अधीक्षक डोंगरे प्रवीण उमेश ने अस्पताल जाकर घायल कांस्टेबल के स्वास्थ्य की जानकारी ली।

आरोपी शिवनेसन का भी गोली लगने से हुए घाव का उपचार किया जा रहा है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़