झारखंड के धनबाद से एक करोड़ रुपये का इनामी शीर्ष माओवादी मिसिर बेसरा गिरफ्तार

Prabhasakshi Image

झारखंड के धनबाद जिले से पुलिस ने एक करोड़ रुपये के इनामी शीर्ष माओवादी मिसिर बेसरा को गिरफ्तार किया है। इस अभियान के दौरान उसके दो अन्य सहयोगियों को भी पकड़ा गया। इससे पहले राज्य में 16 माओवादियों ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया था।

रांची, 28 जुलाई झारखंड के धनबाद जिले से शीर्ष माओवादी मिसिर बेसरा को मंगलवार शाम गिरफ्तार कर लिया गया। बेसरा पर एक करोड़ रुपये से अधिक का इनाम था। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बेसरा झारखंड और ओडिशा समेत कई राज्यों में माओवादी गतिविधियों से जुड़े कई मामलों में वांछित था। अधिकारी के मुताबिक, गिरिडीह जिले के हरलाडीह निवासी बेसरा को धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के मनियाडीह इलाके से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि बेसरा के अलावा इस अभियान के दौरान दो और माओवादियों को भी गिरफ्तार किया गया।

इससे पहले मंगलवार को झारखंड पुलिस के समक्ष 16 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया था। इनमें से छह माओवादियों पर कुल 39 लाख रुपये का इनाम घोषित था। अधिकारी के अनुसार, आत्मसमर्पण करने वालों में संतोष महतो उर्फ वासुदेव दा उर्फ दिलीप भी शामिल था, जो 128 मामलों में वांछित था और उस पर 15 लाख रुपये का इनाम था।

उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पण करने वालों में दो सब-जोनल कमेटी सदस्य और दो एरिया कमेटी पदाधिकारी भी शामिल थे।

All the updates here:

अन्य न्यूज़