Tripura civic polls: 16 नगर निकायों में दोपहर 3 बजे तक 72 फीसदी मतदान दर्ज

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

त्रिपुरा के 16 शहरी स्थानीय निकायों के लिए हुए मतदान में दोपहर तीन बजे तक करीब 72 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। अगरतला नगर निगम के कुछ क्षेत्रों में छिटपुट घटनाओं को छोड़कर प्रक्रिया काफी हद तक शांतिपूर्ण रही। राज्य निर्वाचन आयोग को धमकियों और डराने की शिकायतें मिली हैं, जिनकी कानूनी जांच की जा रही है।

त्रिपुरा में शुक्रवार को 16 शहरी स्थानीय निकायों के चुनाव में दोपहर तीन बजे तक करीब 72 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अगरतला नगर निगम (एएमसी) के कुछ इलाकों में छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान कुल मिलाकर शांतिपूर्ण रहा। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पहले ही पांच नगर निकायों में निर्विरोध जीत हासिल कर चुकी है। राज्य निर्वाचन आयुक्त प्रदीप कुमार चक्रवर्ती ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘16 शहरी स्थानीय निकायों के चुनाव में दोपहर तीन बजे तक औसतन 72 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अगरतला नगर निगम (एएमसी) के कुछ इलाकों में छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान काफी हद तक शांतिपूर्ण रहा।’’ उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग को विभिन्न राजनीतिक दलों और लोगों की ओर से शिकायतें मिली हैं, जिनमें मतदान के दिन धमकी देने, हमला करने और डराने-धमकाने के आरोप लगाए गए हैं।

चक्रवर्ती ने कहा, ‘‘हम कानूनी कार्रवाई के लिए इन शिकायतों की जांच कर रहे हैं।’’ उन्होंने बताया कि पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) जी एस राव से मतदान केंद्रों के आसपास कथित तौर पर घूम रहे नकाबपोश राजनीतिक कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा गया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक देबरॉय ने कहा कि मतदान कुल मिलाकर शांतिपूर्ण रहा और बड़ी संख्या में मतदाताओं ने अपने लोकतांत्रिक अधिकार का इस्तेमाल किया। हालांकि, पूर्व मुख्यमंत्री माणिक सरकार ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल ने नगर निकाय चुनावों को ‘‘पूरी तरह से तमाशा’’ बना दिया।

उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘उन्हें बस इस बात का डर है कि कहीं लोगों के बीच सरकार-विरोधी भावनाएं न फैल जाएं। भाजपा किसी भी तरह से चुनाव जीतना चाहती है, क्योंकि डेढ़ साल के भीतर ही महत्वपूर्ण विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।’’ कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक सुदीप रॉय बर्मन ने मतदान को ‘‘तमाशा’’ बताते हुए आरोप लगाया कि राज्य निर्वाचन आयोग और पुलिस अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल रहे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़