Disha Salian केस में Uddhav Thackeray ने दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने छत्रपति संभाजीनगर में कहा कि 2020 के दिशा सालियान मौत मामले में उनके परिवार पर बेबुनियाद आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने साफ किया कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना से उनके परिवार का कोई संबंध नहीं है और चरित्र हनन अभियान न रुकने पर वह कानूनी कदम उठाएंगे।
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने बृहस्पतिवार को कहा कि 2020 के दिशा सालियान मौत मामले को लेकर उनके परिवार के खिलाफ चलाया जा रहा चरित्र हनन अभियान यदि नहीं रुका तो वह कानूनी कार्रवाई करेंगे। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री का यह बयान बंबई उच्च न्यायालय द्वारा सालियान की मौत की सीबीआई जांच का आदेश दिए जाने के कुछ दिन बाद आया है। अदालत ने सालियान के पिता की याचिका पर यह आदेश दिया था।
इसके बाद केंद्रीय एजेंसी ने किसी आरोपी का नाम लिए बिना मामला दर्ज किया। ठाकरे ने यहां पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा, इस मामले से हमारा कोई संबंध नहीं है। आदित्य (ठाकरे) भी यह कह चुके हैं।
यह मुद्दा सिर्फ मेरे बारे में नहीं है। इस तरह का चरित्र हनन आप लोगों के साथ भी हो सकता है। ठाकरे ने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा, यदि इस तरह के आरोप लगातार लगाए जाते हैं तो कोई कब तक इसे बर्दाश्त करेगा?
मुझे हैरानी है कि इस मामले में मोदी और ट्रंप के नाम क्यों नहीं हैं। ठाकरे ने दोहराया कि सालियान की मौत दुर्भाग्यपूर्ण घटना थी, लेकिन उनके परिवार का इससे कोई संबंध नहीं था। उन्होंने कहा, यह राजनीतिक रूप से प्रेरित है।
हम चुप रहे क्योंकि एसआईटी (विशेष जांच दल) मामले की जांच कर रही थी। जो लोग जांच करना चाहते हैं, वे करते रहें। लेकिन अब बिना वजह चरित्र हनन बहुत हो चुका है, नहीं तो हम कानूनी कदम उठाएंगे।
बुधवार को उनके बेटे और विधायक आदित्य ठाकरे ने दावा किया था कि वह कभी दिशा सालियान से नहीं मिले। आदित्य ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा, मैं कभी दिशा सालियान से नहीं मिला और न ही उन्हें जानता था। इस दुखद मामले में मेरा नाम जोड़ना कुछ लोगों द्वारा राजनीतिक और निजी हितों के कारण लगभग छह साल से किया जा रहा एक जानबूझकर और बिना सबूत वाला चरित्र हनन अभियान है।
दिशा सालियान (28) बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व प्रबंधक थीं। उनकी 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में एक आवासीय इमारत की 12वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई थी। पुलिस ने इसे आत्महत्या का मामला बताया था।
इसके करीब एक सप्ताह बाद 14 जून, 2020 को राजपूत अपने बांद्रा स्थित आवास में मृत पाए गए थे, जिसके बाद दोनों मौतों के बीच संबंध को लेकर अटकलें लगाई जाने लगी थीं। बंबई उच्च न्यायालय ने दो सितंबर को सालियान की मौत की सीबीआई जांच का आदेश दिया था।
अन्य न्यूज़














