गुरु पूर्णिमा के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की।

Up Cm
AI Image

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर में नाथ संप्रदाय की परंपरा अनुसार विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने महायोगी गुरु गोरखनाथ के साथ अपने गुरु महंत अवैद्यनाथ सहित नाथ परंपरा के सभी दिवंगत गुरुओं का स्मरण कर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने देशवासियों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं भी दीं।

गोरखपुर (उप्र), 29 जुलाई उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार सुबह नाथ संप्रदाय की परंपराओं के अनुसार भगवान शिव का अवतार माने जाने वाले महायोगी गुरु गोरखनाथ की विशेष पूजा-अर्चना की। राज्य सरकार की ओर से जारी बयान के मुताबिक, आदित्यनाथ ने अपने गुरु महंत अवैद्यनाथ, दादागुरु महंत दिग्विजयनाथ, योगीराज बाबा गंभीरनाथ और नाथ परंपरा के सभी गुरुओं की भी विधिवत पूजा-अर्चना की। बयान के अनुसार, गोरक्षपीठाधीश्वर ने गुरु गोरखनाथ और नाथ संप्रदाय के सभी गुरुओं के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए जनकल्याण के लिए उनके मार्गदर्शन के प्रति आभार जताया।

गोरखनाथ मंदिर में गुरु पूर्णिमा की विशेष पूजा-अर्चना बुधवार तड़के शुरू हुई और सामूहिक आरती के साथ संपन्न हुई। आदित्यनाथ ने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं भी दीं। मुख्यमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सबसे पहले नाथ परंपरा के आदिगुरु भगवान गोरखनाथ के दरबार में नमन किया और फिर विशेष पूजा-अर्चना की।

इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर में स्थित सभी देवी-देवताओं के मंदिरों में पूजा-अर्चना की। उन्होंने योगीराज बाबा गंभीरनाथ, महंत दिग्विजयनाथ, महंत अवैद्यनाथ और अन्य दिवंगत गुरुओं की समाधियों पर भी पूजा-अर्चना कर उनका आशीर्वाद लिया। बयान के मुताबिक, पूजा-अर्चना संपन्न होने के बाद गुरु पूर्णिमा की पारंपरिक सामूहिक आरती की गई।

All the updates here:

अन्य न्यूज़