UP Weather: उत्तर प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में भारी बारिश की संभावना, IMD ने जताया अनुमान

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश तक पहुंचे मौसम तंत्र के असर से उत्तर प्रदेश के दक्षिणी इलाकों में 24 घंटे के दौरान हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की चेतावनी दी है। राज्य के बाकी क्षेत्रों में आगामी दिनों में मानसूनी गतिविधियां छिटपुट और सीमित रहने की संभावना जताई गई है। राजधानी लखनऊ में सोमवार को आमतौर पर बादल छाए रहने और हल्की बौछारें पड़ने का अनुमान है।
लखनऊ, नौ अगस्त उत्तर प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में अगले 24 घंटे के दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है जबकि इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार को यह जानकारी दी। आईएमडी के अनुसार, पूर्वी तट पर बना मौसम तंत्र पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ते हुए पूर्वोत्तर मध्यप्रदेश तक पहुंच गया है।
आईएमडी ने कहा कि अगले 24 घंटे के दौरान उत्तर प्रदेश के अन्य हिस्सों में मानसून की गतिविधियां अपेक्षाकृत सीमित रहने की संभावना है। इसके बाद मौसम तंत्र के आगे बढ़ने से अगले कुछ दिनों में पूरे राज्य में बारिश की गतिविधियां काफी हद तक छिटपुट और अलग-अलग स्थानों तक सीमित रह सकती हैं। रविवार को जारी आईएमडी के बुलेटिन के अनुसार, उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है जबकि एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
राजधानी लखनऊ में सोमवार को आमतौर पर बादल छाए रहने और कुछ समय के लिए बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। प्रदेश में रविवार को ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहा।
कानपुर नगर, प्रयागराज और झांसी में हल्की बारिश दर्ज की गई जबकि वाराणसी, गाजीपुर, सुलतानपुर और फुर्सतगंज में 0.3 मिलीमीटर से एक मिलीमीटर तक वर्षा हुई। लखनऊ में अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा।
अन्य न्यूज़













