उत्तराखंड में Congress का हस्ताक्षर अभियान 22 नवंबर तक बढ़ा, 26 को निकलेगी रैली

उत्तराखंड कांग्रेस ने राज्य सरकार के कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे हस्ताक्षर अभियान की अवधि को मंडल और बूथ स्तर तक बढ़ाते हुए 22 नवंबर कर दिया है। इसके बाद 26 नवंबर को देहरादून में पार्टी मुख्यालय से एक विशाल रैली निकाली जाएगी। इस प्रदर्शन के अंत में एकत्रित किए गए हस्ताक्षर वाले पर्चे और बैनर राज्यपाल को सौंपे जाएंगे।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री और मंत्रियों के कथित भ्रष्टाचार के विरोध में राज्य में चलाया जा रहा कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान 26 नवंबर को संपन्न होगा और इस मौके पर एक विशाल रैली के बाद हस्ताक्षर वाले पर्चे और बैनर राज्यपाल को सौंपे जाएंगे। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव (संगठन) राजेंद्र सिंह भंडारी ने यहां बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आह्वान पर जारी इस अभियान को अब मंडल और बूथ स्तर तक विस्तारित करते हुए 22 नवंबर तक संचालित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि हस्ताक्षर अभियान को मिल रहे व्यापक जनसमर्थन को देखते हुए इसकी अवधि बढ़ाई गई है।
यह हस्ताक्षर अभियान 10 नवंबर को शुरू किया गया था। भंडारी ने कहा कि प्रदेश के समस्त जिला, महानगर एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मंडलम एवं बूथ स्तर तक अभियान चलाते हुए अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करें और एकत्रित किए गए हस्ताक्षर वाले पर्चे व बैनर 23 नवंबर तक प्रदेश पार्टी मुख्यालय में जमा करवा दें। उन्होंने बताया कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में संशोधन करते हुए अब 23 नवंबर के स्थान पर 26 नवंबर को प्रदेश मुख्यालय से विशाल रैली निकाली जाएगी जिसका नेतृत्व गोदियाल, पार्टी महासचिव और प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता करेंगे।
भंडारी ने बताया कि हस्ताक्षर वाले दस्तावेज राज्यपाल को सौंपे जाएंगे। कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस का यह अभियान जनहित और लोकतांत्रिक जवाबदेही की लड़ाई है, जिसे प्रदेशभर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एकजुटता और सक्रिय भागीदारी से ऐतिहासिक सफलता दिलाई जाएगी।
अन्य न्यूज़














