उत्तराखंड: Pushkar Singh Dhami की बैणी-भुली योजना पर Congress ने उठाए सवाल

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

उत्तराखंड में चुनाव से ठीक पहले महिलाओं के लिए वित्तीय सहायता की घोषणा पर प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरा है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं को चुनावी लाभ के लिए मदद का वादा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में लाखों महिलाएं अब भी इस योजना के लाभ से वंचित हैं।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा ‘बैणी-भुली’ योजना के तहत पांच लाख से अधिक महिलाओं को वित्तीय सहायता देने की घोषणा के एक दिन बाद प्रदेश कांग्रेस ने चुनाव के नजदीक राज्य में आर्थिक मदद का वादा करने को लेकर बुधवार को भाजपा पर निशाना साधा। धामी ने मंगलवार को सहायता राशि का खुलासा किए बिना घोषणा की थी कि इसकी पहली किस्त दिसंबर में जारी की जाएगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि चुनाव नजदीक आने के साथ ही मुख्यमंत्री राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी 5.5 लाख महिलाओं को दो किस्तों में वित्तीय सहायता देने का वादा कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य में 35 से 40 लाख अन्य महिलाएं अब भी ‘बैणी-भुली’ योजना का लाभ मिलने का इंतजार कर रही हैं। गोदियाल ने कहा, “एक ओर मुख्यमंत्री वित्तीय सहायता देने की बात करते हैं, वहीं दूसरी ओर भाजपा विधायक महंत दिलीप रावत सुझाव देते हैं कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग के बदले उनके माता-पिता को सरकारी सहायता की राशि लौटा देनी चाहिए। क्या भाजपा सरकार महिलाओं के घावों पर कुछ हजार रुपये का मरहम लगाकर उनकी आवाज दबाने की कोशिश कर रही है?” उन्होंने कहा कि राज्य की महिलाओं को पांच हजार से 10 हजार रुपये की खैरात की जरूरत नहीं है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़