चरखी दादरी विधानसभा सीट से चचेरी बहन और भाजपा नेता बबीता फोगाट के खिलाफ विनेश फोगाट को मैदान में उतारने की तैयारी में है कांग्रेस!

Vinesh Phogat
ANI

विनेश फोगाट के स्वागत समारोह का जिस तरह राजनीतिकरण किया गया उससे प्रतीत होता है कि हरियाणा विधानसभा चुनावों में वह कांग्रेस की स्टार प्रचारक हो सकती हैं। इस बात की भी अटकलें हैं कि कांग्रेस की ओर से उन्हें हरियाणा विधानसभा चुनाव लड़वाया जा सकता है।

कहा जाता है कि तस्वीरें बहुत कुछ कहती हैं। विनेश फोगाट के स्वागत समारोह में उमड़ी भीड़ और वहां मौजूद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की टोली एक बड़ा राजनीतिक संकेत और संदेश दे रही थी। खास बात यह है कि यह संदेश हरियाणा विधानसभा चुनावों की घोषणा के ठीक एक दिन बाद दिया गया है। हम आपको बता दें कि पेरिस ओलंपिक में महिलाओं के 50 किग्रा भार वर्ग के फाइनल में पहुंचने के बावजूद अधिक वजन होने के कारण पदक नहीं जीत पाने वाली भारत की स्टार पहलवान विनेश फोगाट का इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक जैसे स्टार खिलाड़ियों के अलावा विभिन्न पंचायतों के नेता भी विनेश का स्वागत करने के लिए पहुंचे थे। कांग्रेस सांसद दीपेंदर हुड्डा भी इस दौरान मौजूद थे। विनेश के स्वागत के लिए उमड़ी भीड़ ने खिलाड़ी को फूल मालाओं से लाद दिया। बाद में उन्होंने खुली जीप में सवार होकर लोगों का आभार व्यक्त किया। विनेश ने हाथ जोड़कर कहा, ‘‘मैं पूरे देश का आभार व्यक्त करती हूं।’’ 

वैसे विनेश फोगाट के स्वागत समारोह का जिस तरह राजनीतिकरण किया गया उससे प्रतीत होता है कि हरियाणा विधानसभा चुनावों में वह कांग्रेस की स्टार प्रचारक हो सकती हैं। इस बात की भी अटकलें हैं कि कांग्रेस की ओर से उन्हें हरियाणा विधानसभा चुनाव लड़वाया जा सकता है। हम आपको यह भी याद दिला दें कि कुछ समय पहले पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा था कि यदि कांग्रेस के पास पर्याप्त विधायक होते तो पार्टी उन्हें राज्यसभा भेजती। वैसे यदि विनेश फोगाट विधानसभा चुनाव लड़ती हैं तो यह देखना रोचक होगा कि क्या वह अपनी चचेरी बहन और भाजपा नेता बबीता फोगाट के खिलाफ चरखी दादरी से चुनाव लड़ेंगी? हम आपको याद दिला दें कि पिछले विधानसभा चुनावों में बबीता चरखी दादरी से भाजपा उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ी थीं मगर हार गयी थीं। वह इस बार भी भाजपा से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही हैं लेकिन अगर कांग्रेस विनेश को उनके खिलाफ मैदान में उतारती है तो घर में ही दंगल देखने को मिल सकता है।

बहरहाल, हम आपको बता दें कि विनेश के आगमन के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पेरिस ओलंपिक में फाइनल से पहले किए गए वजन में उनका वजन 100 ग्राम अधिक निकला था जिसके कारण उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया था। विनेश ने संयुक्त रूप से रजत पदक दिलाने के लिए खेल पंचाट में अपील की थी जिसके कारण वह पेरिस में रुकी रही। खेल पंचाट ने उनकी अपील को खारिज कर दिया था। विनेश का काफिला हरियाणा में उनके गांव बलाली तक गया। इस बीच, स्वागत से भाव विभोर भारतीय पहलवान विनेश फोगाट ने कहा, "इतना प्यार और सम्मान देने के लिए मैं अपने देशवासियों की शुक्रगुजार हूं।" वहीं पहलवान बजरंग पुनिया ने कहा, "वो चैंपियन है इसलिए चैंपियन की तरह स्वागत हो रहा है। मेडल मिलना या ना मिलना वो भाग्य की बात है...देशवासियों का धन्यवाद...।"

All the updates here:

अन्य न्यूज़