Manipur Assembly Election 2027: क्या सत्ता की चाबी बदलेंगी 'कांटे की टक्कर' वाली 22 सीटें? हिंसा और सामाजिक दरार के बीच बीजेपी की अग्निपरीक्षा

Manipur Assembly Election 2027
ANI
रेनू तिवारी । Nov 26 2026 5:00PM

चुनावी विश्लेषक और सीएसडीएस (CSDS) से जुड़े प्रोफेसर संजय कुमार के विश्लेषण के अनुसार, हाल के वर्षों में हुए चुनावों की तुलना में 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के सामने कहीं बड़ी चुनौतियां होंगी। विपक्षी दल लगातार मणिपुर के हालात और हिंसा के मुद्दे को लेकर सरकार पर हमलावर हैं।

साल 2027 में उत्तर प्रदेश और पंजाब जैसे बड़े राज्यों के साथ मणिपुर में भी विधानसभा चुनाव होने हैं। पूर्वोत्तर के इस अहम राज्य में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के लिए सत्ता बचाए रखना इस बार बेहद कठिन चुनौती माना जा रहा है। बीते वर्षों में मणिपुर में भड़की हिंसा और उसके बाद पैदा हुए हालात ने राजनीतिक समीकरणों को बुरी तरह प्रभावित किया है, जिससे अन्य राज्यों के मुकाबले यहां बीजेपी की स्थिति अधिक संवेदनशील नजर आ रही है। चुनावी विश्लेषक और सीएसडीएस (CSDS) से जुड़े प्रोफेसर संजय कुमार के विश्लेषण के अनुसार, हाल के वर्षों में हुए चुनावों की तुलना में 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के सामने कहीं बड़ी चुनौतियां होंगी। विपक्षी दल लगातार मणिपुर के हालात और हिंसा के मुद्दे को लेकर सरकार पर हमलावर हैं।

शांति, पुनर्वास और सामाजिक विभाजन: चुनाव के सबसे बड़े मुद्दे

राष्ट्रपति शासन की अवधि को यदि अलग रख दिया जाए, तो मणिपुर में बीजेपी का सत्ता में करीब एक दशक का सफर पूरा होने जा रहा है। 2027 के चुनाव में मतदाताओं के बीच कई संवेदनशील और बुनियादी मुद्दे हावी रहने वाले हैं:

शांति और सुरक्षा: लंबे समय तक अशांति और तनाव के बाद राज्य में स्थायी शांति व कानून-व्यवस्था की बहाली सबसे बड़ी प्राथमिकता बनी हुई है।

जातीय सद्भाव और पुनर्वास: विस्थापित लोगों का पुनर्वास, राहत और विभिन्न समुदायों के बीच भरोसे की बहाली चुनावी विमर्श के केंद्र में है।

सामाजिक विभाजन और क्षेत्रीय पहचान: बीते वर्षों में मणिपुरी समाज में गहराया विभाजन एक गंभीर समस्या बनकर उभरा है। अब तक कोई भी राजनीतिक दल इस खाई को पाटने का ठोस और सर्वमान्य रास्ता नहीं निकाल सका है।

जहां एक ओर माना जा रहा है कि हिंसा के प्रभाव का खामियाजा बीजेपी को उठाना पड़ सकता है, वहीं दूसरी ओर पार्टी और सरकार नाराज व संशय में पड़े मतदाताओं को साधने और भरोसे में लेने की हर संभव कोशिश कर रही है।

क्षेत्रीय दलों और गठबंधन का बदलता गणित

मणिपुर की राजनीति में क्षेत्रीय और जातीय आधार वाली पार्टियों की भूमिका हमेशा निर्णायक रही है। नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPP) और नागा पीपुल्स फ्रंट (NPF) जैसी पार्टियों का अपना मजबूत जनाधार है। 2027 के विधानसभा चुनाव में इन क्षेत्रीय दलों के साथ बनने वाले गठबंधनों की रणनीति सरकार बनाने या बिगाड़ने में अहम भूमिका निभा सकती है।

आंकड़ों के लिहाज से देखें तो शहरी और ग्रामीण वोट बैंक में भी बदलाव के संकेत दिखते हैं। बीते विधानसभा चुनावों में बीजेपी को ग्रामीण क्षेत्रों में 44 प्रतिशत और शहरी क्षेत्रों में 45 प्रतिशत वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस को गांवों में 37 प्रतिशत और शहरों में 40 प्रतिशत मत प्राप्त हुए थे। विश्लेषणों में यह भी सामने आया है कि शहरी मतदाताओं के बीच बीजेपी के समर्थन में कमी का रुझान चिंता बढ़ाने वाला हो सकता है।

60 में से 22 सीटों पर 1,000 से कम का अंतर: पलट सकती है बाजी

60 सदस्यीय मणिपुर विधानसभा में बेहद कम वोटों के अंतर से हार-जीत का इतिहास रहा है, जो 2027 के चुनाव को और अधिक रोचक और अनिश्चित बनाता है। पिछले चुनाव के नतीजों के आधार पर जीत-हार के अंतर का गणित कुछ इस तरह रहा:-

पिछले विधानसभा चुनाव के आंकड़ों पर नजर डालें तो मणिपुर की 60 में से 22 सीटों पर जीत-हार का फैसला महज 1,000 या उससे कम वोटों के अंतर से हुआ था, जिनमें बीजेपी की 11, जेडीयू की 4, एनपीपी की 3, कांग्रेस की 1 और अन्य की 3 सीटें शामिल रहीं। इसके अलावा, 11 सीटें ऐसी थीं जहां हार-जीत का अंतर 1,001 से 2,500 वोटों के बीच रहा; इनमें बीजेपी की 3, एनपीपी की 2, कांग्रेस की 2, जेडीयू की 1 और अन्य की 3 सीटें थीं। वहीं, 15 सीटों पर उम्मीदवारों की जीत का अंतर 2,501 से 5,000 वोटों तक दर्ज किया गया, जिसमें बीजेपी की 8, एनपीपी की 2, जेडीयू और कांग्रेस की 1-1 तथा अन्य की 3 सीटें शामिल रहीं।  

साफ है कि जिन 22 सीटों पर हार-जीत का फैसला 1,000 या उससे कम वोटों के अंतर से हुआ था, वहां थोड़ा सा भी वोट स्विंग या गठबंधन का फेरबदल पूरे चुनावी नतीजे की तस्वीर बदल सकता है। 2027 में मणिपुर की जनता किस मुद्दे और किस नेतृत्व पर भरोसा जताती है, इस पर पूरे देश की नजरें टिकी रहेंगी।

All the updates here:

अन्य न्यूज़