हमने 15 लाख रुपये देने का कोई वादा नहीं किया कभी: कलराज

we-have-not-made-any-promise-of-15-lakh-rupees-kalraj

कलराज मिश्र ने शनिवार को कहा कि उनकी पार्टी ने सभी के बैंक खातों में 15 लाख रुपये का वादा 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले नहीं किया था।

चंडीगढ़। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र ने शनिवार को कहा कि उनकी पार्टी ने सभी के बैंक खातों में 15 लाख रुपये का वादा 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले नहीं किया था। मिश्र ने इस मुद्दे पर लोगों को ‘‘भ्रमित’’ करने के लिए ‘‘दुष्प्रचार’’ करने का विपक्षी दलों पर आरोप लगाया। भाजपा के 39वें स्थापना दिवस के मौके पर यहां आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में मिश्र ने कांग्रेस पर उसकी प्रस्तावित न्यूनतम आय गारंटी योजना और राफेल लड़ाकू विमान मुद्दे को लेकर निशाना साधा और दावा किया कि पार्टी की ‘‘आदत झूठ बोलने की है।’’

 इसे भी पढ़ें: पवन बंसल पर भाजपा ने साधा निशाना, कहा- विकास कार्यों को नहीं पचा नहीं पा रहे

उन्होंने 15 लाख रुपये मुहैया कराने के 2014के चुनावी वादे पर पूछे गए एक सवाल पर कहा, ‘‘मैं स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि हमने 15 लाख रुपये का कोई वादा नहीं किया। (2014 चुनाव से पहले) एक संबोधन में हमारे नेता ने कहा कि यदि विदेश में जमा कालाधन वापस आता है, अनुमानत: 15 लाख रुपये प्रति परिवार दिये जा सकते हैं। यद्यपि ऐसा कभी भी हमारी पार्टी के घोषणापत्र में वादाा नहीं किया गया।’’

इसे भी पढ़ें: ‘चौकीदार’ आतंकवादियों से लड़ रहा है, कांग्रेस सशस्त्र बलों की शक्तियां कम करना चाहती है: मोदी

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐसा कोई वादा नहीं किया। कांग्रेस के न्याय (न्यूनतम आय गारंटी योजना) पर मिश्र ने कहा, ‘‘वे 10 वर्षों तक सत्ता में रहे, उन्होंने तब गरीबों के बारे में क्यों नहीं सोचा? इसके अलावा उन्होंने अभी तक वह प्रक्रिया नहीं बतायी है कि वे यह राशि कैसे देंगे। उन्होंने वादे 2004 और 2009 में किये लेकिन उन्हें पूरा करने में असफल रहे। उन्हें झूठ बोलने की आदत है।’’ राफेल मुद्दे पर कांग्रेस के आरोप के बारे में पूछे जाने पर भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस के अन्य नेता इस सिद्धांत पर चल रहे हैं कि यदि झूठ को बार..बार दोहराया जाए तो उसे सच मान लिया जाता है। मोदी के ‘कांग्रेस मुक्त भारत’ नारे पर मिश्र ने कहा कि भाजपा ने कभी नहीं कहा कि वह देश को कांग्रेस पार्टी से मुक्त बनाना चाहती है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़