दिल्ली में खतरे के निशान के करीब बह रही यमुना, आस-पास के इलाकों के लिए योजना तैयार

Yamuna

एक अधिकारी ने बताया कि हरियाणा के यमुनानगर जिले के हथिनीकुंड कुंड बैराज से सुबह 10 बजे नदी में 7,418 क्यूबिक मीटर प्रति सेकेंड (क्यूसेक) की दर से पानी छोड़ा जा रहा है।

नयी दिल्ली। दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर मंगलवार को सुबह 10 बजे 204 मीटर दर्ज किया गया, जो कि चेतावनी के स्तर 204.50 मीटर के बेहद करीब है। सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि हरियाणा के यमुनानगर जिले के हथिनीकुंड कुंड बैराज से सुबह 10 बजे नदी में 7,418 क्यूबिक मीटर प्रति सेकेंड (क्यूसेक) की दर से पानी छोड़ा जा रहा है। एक क्यूसेक 28.317 लीटर प्रति सेकेंड के बराबर होता है। अधिकारी ने बताया कि सुबह आठ बजे और नौ बजे भी बहाव दर यही था। सोमवार सुबह आठ बजे नदी का जल स्तर 204.38 मीटर दर्ज किया गया। सामान्य तौर पर हथिनीकुंड बैराज में बहाव दर 352 क्यूसेक होता है लेकिन जलग्रहण क्षेत्रों में भारी बारिश के बाद पानी छोड़ने की मात्रा बढ़ा दी गई। पिछले साल 18-19 अगस्त को बहाव दर 8.28 लाख क्यूसेक तक पहुंच गया था और यमुना नदी का जलस्तर 206.60 मीटर तक पहुंच गया, जो खतरे के निशान 205.33 के पार चला गया था। नदी के निचले इलाकों में पानी भरने के बाद दिल्ली सरकार ने बचाव और राहत अभियान शुरू किया था। 

इसे भी पढ़ें: SYL नहर को लेकर पंजाब और हरियाणा आमने-सामने, 1966 से चल रहा विवाद 

दिल्ली के जल मंत्री सत्येंद्र जैन ने सोमवार को कहा कि सरकार बाढ़ जैसी किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, ‘‘ हमारी बाढ़ नियंत्रण प्रणाली तैयार है और जैसे ही जरूरत होगी, इसे कार्य में लगा दिया जाएगा।’’ उन्होंने कहा कि सरकार के पास यमुना से लगे इलाकों पल्ला गांव से ओखला तक के लिए योजना तैयार है। पिछले कुछ दिनों में यहां भारी बारिश के बाद नदी का जलस्तर बढ़ गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 26 अगस्त से 29 अगस्त के बीच उत्तर पश्चिमी भारत में भारी से बेहद भारी बारिश होने का अनुमान जताया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़