राफेल सौदे पर दुर्भावनापूर्ण अभियान चला रही है कांग्रेस, पब्लिक सब जानती है

yeh-public-hai-sab-janti-hai-smriti-irani-hits-back-after-chidambarams-rafale-charge
[email protected] । Jan 18 2019 8:42PM

रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण के संसद में 90 मिनट के जवाब का जिक्र करते हुए स्मृति इरानी ने दावा किया कि विपक्षी दलों के दुर्भावनापूर्ण अभियान का भंडाफोड़ हो गया है।

नयी दिल्ली। भाजपा ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस राफेल सौदा मामले में सरकार के खिलाफ दुर्भावनापूर्ण अभियान चला रही है और अपने झूठे प्रचार के लिए उसने राष्ट्रीय हित की तिलांजलि दे दी है। सरकार के खिलाफ कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा नेता एवं केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने इस मामले में उच्चतम न्यायालय के फैसले और रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण के संसद में 90 मिनट के जवाब का जिक्र करते हुए दावा किया कि विपक्षी दलों के दुर्भावनापूर्ण अभियान का भंडाफोड़ हो गया है। केन्द्रीय मंत्री संवाददाताओं को मोदी सरकार पर कांग्रेस की ओर से भ्रष्टाचार के आरोप से जुड़े एक प्रश्न का उत्तर दे रहीं थीं।

इसे भी पढ़ें: 36 राफेल खरीदकर सरकार ने किया राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता, JPC जांच जरूरी

ईरानी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम सहित पार्टी के अन्य नेताओं पर प्रत्यक्षत: निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि जो लोग जमानत पर हैं वे झूठा दुष्प्रचार फैला रहे हैं। कांग्रेस ने शुक्रवार को सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा, ‘इस मुद्दे पर दुर्भावनापूर्ण अभियान चलाने और अपनी राजनीति के लिए राष्ट्रीय हित को त्यागने के कांग्रेस के खेल का भंडाफोड़ हो गया है।’ केन्द्रीय मंत्री ने कहा, ‘उच्चतम न्यायालय इस पर बोल चुका है, रक्षा मंत्री इस पर बोल चुकी हैं....जो अपनी राजनीति के लिए इसका इस्तेमाल करते हैं, ये पब्लिक है सब जानती है।’

इसे भी पढ़ें: राफेल मामले में AAP सांसद संजय सिंह ने खटखटाया SC का दरवाजा

दरअसल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी सरकार ने वायुसेना की 126 लड़ाकू विमानों की जरूरत को खारिज करके देश के साथ गलत किया है। भाजपा ने सभी आरोपों से इनकार करते हुए दावा किया है कि राजग सरकार ने जिस सौदे पर हस्ताक्षर किए हैं वह पूरी तरह ईमानदार हैं और उसकी तय कीमत संप्रग के समय तय की गई कीमतों से कम हैं।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़