Yogi Adityanath बोले राज्यसभा चुनाव से तय हुआ यूपी का नतीजा, 80-20 की लड़ाई फिर शुरू

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

लखनऊ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में 80 प्रतिशत जनता राजग के साथ है और 20 प्रतिशत पीडीए के पास। उन्होंने राज्यसभा सीटों के नामांकन के बाद समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा, जहां भाजपा ने आठ और सपा ने दो प्रत्याशी उतारे हैं।

लखनऊ, सात अक्टूबर (भाषा)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्यसभा चुनाव ने बता दिया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में क्या परिणाम होने वाला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक बार फिर ‘‘80-20’’ की लड़ाई शुरू हो गई है, जिसमें 80 प्रतिशत लोग राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और 20 प्रतिशत पीडीए के साथ हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर जीपीओ स्थित पटेल पार्क में आयोजित सेवा ज्योति यात्रा ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ को संबोधित करते हुए योगी ने प्रधानमंत्री को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘कल उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव (नामांकन) से पता चल गया कि विधानसभा चुनाव का नतीजा क्या होने वाला है। 80-20 की लड़ाई फिर से शुरू हो गई है।

अस्सी प्रतिशत लोग राजग के साथ और 20 प्रतिशत पीडीए के साथ हैं। पीडीए का क्या हश्र होगा, यह फिर से आपके सामने होगा।’’ योगी की यह टिप्पणी उत्तर प्रदेश से राज्यसभा की 10 सीटों के लिए भाजपा के आठ उम्मीदवारों द्वारा नामांकन दाखिल किए जाने के एक दिन बाद आई है। समाजवादी पार्टी ने दो उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पहले तीसरा उम्मीदवार उतारने का संकेत दिया था, लेकिन मंगलवार को नामांकन की आखिरी तारीख पर उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी का ध्यान राज्यसभा की तीन सीटों पर नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर है। यादव ने इससे पहले कहा था कि जरूरी संख्या जुटने पर उनकी पार्टी तीसरा उम्मीदवार उतारेगी। मंगलवार को नामांकन दाखिल करने वाले भाजपा उम्मीदवारों में धर्मपाल सिंह, प्रकाश पाल, श्रुति गंगवार, विद्या सागर सोनकर, प्रियंका सिंह रावत, राधाकांत ओझा, गोपी कृष्ण पांडे और राम प्रताप सिंह चौहान शामिल हैं।

सपा की ओर से वरिष्ठ नेता राम गोपाल यादव और रिलायंस इंडस्ट्रीज के धनराज परिमल नाथवानी उम्मीदवार हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़