भाजपा सरकार में विकास कार्यों में कोई भेद भाव नहीं हुआ: योगी

सहारनपुर। उतर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने कहा है कि सपा बसपा की सरकार में राज्य के कैराना, कांधला और मुजफरनगर से व्यापारियों का पलायन हुआ लेकिन सूबे में भाजपा की सरकार बनते ही यहां की जनता को बिना भेदभाव के रोजगार सुरक्षा की गांरटी दी गई और विकास कार्यो मे कोई भेदभाव नहीं किया गया। मुख्यमंत्री योगी सहारनपुर के गांधी पार्क मे शंखनाद रैली को सम्बोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि पूर्व की सपा और बसपा सरकारें सहारनपुर नगर निगम चुनाव कराने की हिम्मत नहीं कर सकी लेकिन भाजपा ने आमजन के लोकतान्त्रिक अधिकारों को बहाल करने का काम किया है और पहली बार निगम के चुनाव में भाग लेने वाले मतदाता बधाई के पात्र हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 15 वर्षो में उत्तर प्रदेश में लूट अपहरण हत्या गुण्डागर्दी और असुरक्षा का माहौल बना हुआ था। भाजपा की सरकार ने यहां आठ माह में प्रदेश का वातावरण बदल दिया है। हमने 24 घण्टे के भीतर ही अवैध बूचडखानो को बंद करा दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिये चार लाख रोजगार के अवसर निकल रहे है। इनमें एक लाख 76 हजार शिक्षक और डेढ लाख पुलिस की भर्ती के अलावा विभिन्न विभागों में युवाओं को नौकरी मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने 11 माह के भीतर प्रदेश की जनता को 11 लाख आवास दिये है और वर्ष 2022 तक कोई भी आवास से वंचित नही रहेगा।
अन्य न्यूज़