बदायूं नहीं, संभल से चुनाव लड़ना चाहते हैं शिवपाल सिंह यादव, अखिलेश यादव की मुश्किल बढ़ी

Shivpal Singh Yadav
ANI
अजय कुमार । Mar 11 2024 4:53PM

शिवपाल की पहली पसंद संभल बताई जा रही है। सपा ने संभल से शफीकुर्रहमान बर्क को टिकट दिया था, लेकिन उनका देहांत हो चुका है, जिसकी वजह से यहां नये उम्मीदवार की तलाश की जा रही है। इसलिए पहले उनका बदायूं आगमन टला, फिर लगातार दूसरी बार उनके बेटे आदित्य यादव का भी दौरा टल गया।

समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश की बदायूं लोकसभा सीट को लेकर गफलत में नजर आ रही है। चर्चा है कि एक बार फिर सपा आलाकमान ने वहां से शिवपाल यादव की उम्मीदवारी खारिज कर दी है। शिवपाल स्वयं चुनाव नहीं लड़ना चाह रहे थे या फिर यह पार्टी आलाकमान का फैसला है इस पर अभी स्थिति साफ नहीं हो पाई है। लोकसभा चुनाव को लेकर बदायूं में सपा की सियासी करवट पर सपा के दिग्गजों में हर स्तर पर दो तरह की राय सामने आईं हैं। एक बड़ा वर्ग बदायूं से सांसद रहे धर्मेंद्र यादव को फिर से उम्मीदवार बनाना चाहता है, जबकि सपा के ही कुछ नेता धर्मेंद्र यादव से नाराज बताये जाते हैं। वह उनको न लड़ाए जाने का आग्रह पिछले दिनों सपा मुखिया अखिलेश यादव से भी कर चुके हैं। इसके बाद ही धर्मेंद्र यादव के स्थान पर शिवपाल सिंह यादव का नाम आया था। अब सपा के सूत्रों का कहना है कि खुद शिवपाल सिंह यादव बदायूं से चुनाव लड़ने के लिए उत्साहित नहीं हैं।

सूत्र बताते हैं कि शिवपाल की पहली पसंद संभल बताई जा रही है। सपा ने संभल से शफीकुर्रहमान बर्क को टिकट दिया था, लेकिन उनका देहांत हो चुका है, जिसकी वजह से यहां नये उम्मीदवार की तलाश की जा रही है। इसलिए पहले उनका बदायूं आगमन टला, फिर लगातार दूसरी बार उनके बेटे आदित्य यादव का भी दौरा टल गया। आदित्य यादव को अपने पिता शिवपाल यादव की चुनावी कमान संभालने के लिए यहां आना था। उनका दो बार दौरा लगा पर एक बार भी नहीं आए। संभल एक मुस्लिम बाहुल्य सीट है और यहां से सपा कई चुनाव जीत चुकी है। सपाइयों ने बताया था कि आदित्य यादव का आज यानी 11 मार्च को बदायूं में आने का कार्यक्रम था, सपाइयों ने उनके स्वागत और चुनावी अभियान की शुरुआत को लेकर तैयारी बैठक कर ली, लेकिन एक दिन पहले 10 मार्च को उनका कार्यक्रम निरस्त होने की जानकारी सामने आई। इसकी पुष्टि सपा के स्थानीय पदाधिकारियों ने भी की। बताया गया कि आदित्य यादव का कार्यक्रम टल गया है। इससे अब उम्मीदवार बदले जाने की संभावना जताई जाने लगी है। इसकी पुष्टि इससे भी होती है कि अब तक कोई चुनावी बैठक भी नहीं हुई है। फिलहाल, स्थानीय पदाधिकारियों की निगाहें नेतृत्व के फैसले पर टिकी हैं।

इसे भी पढ़ें: Chai Par Sameeksha: काशी में मोदी-मोदी की गूंज, राहुल की वजह से INDI गठबंधन में दरार!

गौरतलब है कि बदायूं मुस्लिम और यादव बहुल सीट है। इसी समीकरण से किसी समय यह सपा की मजबूत सीट मानी जाती थी, लेकिन पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के चचेरे भाई और सांसद रहे धर्मेंद्र यादव को शिकस्त देने के लिए संघमित्रा मौर्य को मैदान में उतारा था। भाजपा प्रत्याशी से धर्मेंद्र यादव हार गए थे। चुनाव के बाद सियासी घटनाक्रम बदलता रहा। संघ मित्रा के पिता स्वामी प्रसाद मौर्य सपा में रहे। सपा में रहते केंद्र व प्रदेश सरकार पर जमकर सियासी हमले किए। तब से भाजपा के अंदर उनकी बेटी के टिकट लेकर संशय हो गया है। पहली लिस्ट में नाम न आने पर संशय और बढ़ा है।

     

स्वामी प्रसाद मौर्य के सपा से नाता तोड़ने के बाद सपा आलाकमान बदायूं सीट को लेकर काफी गंभीर हो गया है। इस सीट को सपा ने अपने पाले में करने के लिए शिवपाल सिंह यादव को मैदान में उतारा है। यह अलग बात है कि शिवपाल सिंह के आने के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री सलीम इकबाल शेरवानी और सपा केराष्ट्रीय सचिव रहे आबिद रजा की चुनौती सामने आई है। दोनों ने सेक्युलर फ्रंट बनाकर सहसवान में बड़ी रैली की। इसके बाद सपा के लिए बड़ी चुनौती सामने आ रही है। पार्टी बदायूं में जिस तरह से अंतरकलह से जूझ रही है, उससे लगता है कि सपा के लिये यहां चुनाव जीतना थोड़ा मुश्किल हो सकता है।

-अजय कुमार

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़