Rahul Gandhi ने भारतीय संसद पर क्यों लगाये गंभीर आरोप? क्या सिर्फ विपक्ष के लोगों के खिलाफ हो रही है भ्रष्टाचार विरोधी कार्रवाई?

Rahul Gandhi
ANI

प्रभासाक्षी संपादक ने कहा कि जी20 की विभिन्न बैठकों के दौरान जो विदेशी मेहमान यहां आ रहे हैं वह भारतीय लोकतंत्र को अच्छे से देख और समझ रहे हैं ऐसे में राहुल गांधी द्वारा विदेशी धरती से भारतीय लोकतंत्र और भारतीय संवैधानिक संस्थानों पर हमला करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण था।

प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क के खास साप्ताहिक कार्यक्रम चाय पर समीक्षा में इस सप्ताह राहुल गांधी के लंदन में दिये गये भाषणों और देशभर में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान से संबंधित पाठकों के प्रश्नों के उत्तर दिये गये। कार्यक्रम की शुरुआत में प्रभासाक्षी संपादक ने बताया कि हमारे दर्शकों ने हमें बड़ी संख्या में प्रश्न भेजे थे, उनमें से अधिकांश प्रश्न लगभग समान थे। उन्होंने कहा कि हमने सभी प्रश्नों के मर्मों कों मिलाकर दो प्रश्न बनाये हैं। पहला प्रश्न था- क्या वाकई हमारी संसद में विपक्ष के लिए माइक बंद कर दिये जाते हैं?

इसके जवाब में उन्होंने कहा कि विदेशी धरती से यह कहना मिथ्या प्रचार और देश का अपमान है कि भारतीय संसद में माइक बंद कर दिया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि जब भारत के पास अभी जी20 की अध्यक्षता करने का गौरवशाली क्षण है तो ऐसे समय कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा भारतीय लोकतंत्र और संवैधानिक इकाइयों की छवि धूमिल किए जाने को स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण समय पर वह इस संबंध में अपने संवैधानिक कर्तव्य से विमुख नहीं हो सकते। उन्होंने कहा कि हाल ही में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने ऐसी ताकतों को बेनकाब और उन्हें विफल करने का जो आह्वान किया है उसके साथ सभी को जुड़ना चाहिए। प्रभासाक्षी संपादक ने कहा कि हम दुनिया की सबसे क्रियाशील लोकतंत्र हैं। भारत अमृतकाल में है और उसने कई मुद्दों पर वैश्विक विमर्श को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि जी20 की विभिन्न बैठकों के दौरान जो विदेशी मेहमान यहां आ रहे हैं वह भारतीय लोकतंत्र को अच्छे से देख और समझ रहे हैं ऐसे में राहुल गांधी द्वारा विदेशी धरती से भारतीय लोकतंत्र और भारतीय संवैधानिक संस्थानों पर हमला करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण था।

इसे भी पढ़ें: लोकसभा चुनावों से पहले राष्ट्रीय दल कांग्रेस को आईना दिखा रही हैं क्षेत्रीय पार्टियां

कार्यक्रम में दूसरा प्रश्न यह था- भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान में क्यों सिर्फ विपक्ष के नेताओं पर ही कार्रवाई की जा रही है? इसके जवाब में प्रभासाक्षी संपादक ने कहा कि सत्ता पक्ष से जुड़े लोगों पर भी कार्रवाई हो रही है। कर्नाटक में लोकायुक्त के छापे में अगर भाजपा विधायक के यहां से नकदी पकड़ी गयी है तो यह दर्शाता है कि लोकायुक्त अपना काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मामले में जांच एजेंसियों की कार्रवाई को प्रतिशोध की राजनीति या तालिबानी कार्रवाई करार देना गलत है। प्रभासाक्षी संपादक ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ देशभर में जो अभियान चल रहा है उसकी आलोचना करने की बजाय यदि सभी दल उसका एक सुर में समर्थन कर दें तो भारत से भ्रष्टाचार का खात्मा होते देर नहीं लगेगी।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़