Delhi में AQI 367 पर पहुंचा, बायोमास का दहन बना प्रदूषण का प्रमुख कारण

राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 367 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। आंकड़ों के अनुसार शहर के प्रदूषण में पराली और घरेलू ठोस जैव ईंधन जलाने की हिस्सेदारी 25.5 प्रतिशत रही। हालांकि मौसम विभाग ने आगामी दिनों में बारिश से राहत मिलने की संभावना जताई है।
दिल्ली की वायु गुणवत्ता शनिवार को भी ‘बेहद खराब’ श्रेणी में बनी रही और जैव ईंधन का दहन शहर में प्रदूषण का सबसे बड़ा कारण बनकर उभरा। रिकॉर्ड के अनुसार, पराली जलाने और उपले तथा लकड़ी जैसे घरेलू ठोस जैव ईंधन के दहन से दिल्ली के प्रदूषण में 25.5 प्रतिशत का योगदान रहा। हालांकि, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि बारिश के कारण आने वाले दिनों में वायु गुणवत्ता में मामूली सुधार होने की संभावना है।
दिन भर का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 367 रहा, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली (एक्यूईडब्ल्यूएस) के अनुसार, हवा में मौजूद प्रदूषक कणों की मात्रा (पीएम2.5 और पीएम10) में भी अगले दो दिनों में कमी आने की संभावना है। राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को आंकड़े दर्ज करने वाले 59 निगरानी केंद्रों में से 17 में वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’, 38 में ‘बेहद खराब’, तीन में ‘खराब’ और एक में ‘मध्यम’ श्रेणी में रही।
शहर का औसत एक्यूआई शुक्रवार के 373 से मामूली सुधार के साथ शनिवार को 367 दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, 0 से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ श्रेणी में रखा जाता है। वहीं, शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी में पीएम10 प्रमुख प्रदूषक रहा।
एक्यूईडब्ल्यूएस के अनुसार, जैव ईंधन के बाद प्रदूषण में सबसे अधिक 23.6 प्रतिशत हिस्सेदारी द्वितीयक कार्बनिक सूक्ष्म कणों की रही और इसके बाद वाहनों से निकलने वाले धुएं का स्थान रहा। मिश्रित दहन की प्रदूषण में हिस्सेदारी 12.6 प्रतिशत, जबकि द्वितीयक अकार्बनिक सूक्ष्मकणों की प्रदूषण में हिस्सेदारी 10.7 प्रतिशत रही। नगरपालिका के कचरे के साथ-साथ प्लास्टिक और रबर वाले कचरे को जलाने से हुए प्रदूषण का कुल प्रदूषण में 6.8 प्रतिशत का योगदान रहा, जबकि खनिज धूल और राख की हिस्सेदारी 1.5 प्रतिशत रही।
पटाखों से 1.4 प्रतिशत और औद्योगिक उत्सर्जन से 0.7 प्रतिशत प्रदूषण हुआ। उपग्रह से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, शनिवार को छह राज्यों में पराली जलाने की 537 घटनाएं दर्ज की गईं। इनमें पंजाब में 214, हरियाणा में 11, उत्तर प्रदेश में 33, राजस्थान में 33 और मध्य प्रदेश में 246 घटनाएं सामने आईं।
पंद्रह सितंबर से 13 नवंबर के बीच इन राज्यों में खेतों में पराली जलाने की कुल 11,342 घटनाओं का पता चला है।
अन्य न्यूज़














