Archery World Cup Final: भारतीय महिला टीम का शानदार प्रदर्शन, Shoot-Off में China को हराकर जीता खिताब

Archery World Cup
AI Generated

तीरंदाजी विश्व कप में दीपिका कुमारी, अंकिता भगत और कुमकुम मोहोद की भारतीय महिला रिकर्व टीम ने मेजबान चीन को रोमांचक शूट-ऑफ में हराकर स्वर्ण पदक जीता। दीपिका के निर्णायक नौ अंकों की बदौलत भारत ने 2021 के बाद अपना पहला विश्व कप स्वर्ण हासिल किया, जो इस टूर्नामेंट में देश का दूसरा पदक है।

दीपिका कुमारी, अंकिता भगत और कुमकुम मोहोद की भारतीय महिला रिकर्व टीम ने रविवार को यहां तीरंदाजी विश्व कप के दूसरे चरण में मेजबान चीन को ‘शूट-ऑफ’ में हराकर स्वर्ण पदक जीत लिया। रोमांचक अंतिम मुकाबले में भारत ने पहला सेट जीता, लेकिन चीन ने वापसी करते हुए मुकाबला बराबर कर दिया। निर्धारित चार सेट के बाद स्कोर बराबर रहने के कारण ‘शूट-ऑफ’ कराया गया।

भारतीय तिकड़ी ने निर्णायक क्षणों में संयम बनाए रखते हुए 5-4 (28-26) से जीत दर्ज की। अनुभवी दीपिका ने दबाव के बीच अंतिम ‘शूट-ऑफ’ तीर पर अहम नौ अंक जुटाकर भारत को 2021 के बाद पहला विश्व कप स्वर्ण पदक दिलाया। इससे पहले भारत ने सेमीफाइनल में रिकॉर्ड 10 बार के ओलंपिक चैंपियन दक्षिण कोरिया को हराकर बड़ा उलटफेर किया था। यह टूर्नामेंट में भारत का दूसरा पदक है।

इससे पहले, विश्व यूनिवर्सिटी खेलों के मौजूदा चैंपियन साहिल जाधव ने शनिवार को यहां तीरंदाजी विश्व कप के दूसरे चरण में पुरुष कंपाउंड स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। भारत एक और पदक की दौड़ में बना हुआ है। सिमरनजीत कौर दिन में बाद में सेमीफाइनल में उतरेंगी और विश्व कप में अपना पहला पदक जीतने के लिए उन्हें एक जीत की जरूरत होगी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़