Nagoya में 20वें Asian Games का आगाज, मनु भाकर और पवन सहरावत ने की भारतीय दल की अगुवाई

जापान के नागोया स्थित मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में 20वें एशियाई खेलों का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। निशानेबाज मनु भाकर और कबड्डी खिलाड़ी पवन सहरावत ने 46 दलों की परेड में भारतीय दल का नेतृत्व किया। यह खेल प्रतियोगिता 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक चलेगी जिसमें 45 देशों के करीब 11,000 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
(फोटो के साथ) नागोया, 19 सितंबर बीसवें एशियाई खेलों का शनिवार को यहां मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में रंगारंग और ‘हाई-टेक’ उद्घाटन समारोह के साथ आधिकारिक आगाज हुआ जिससे अव्यवस्थित तैयारियों के बाद इस बड़ी खेल प्रतियोगिता की शुरुआत हो गई। जापान के सम्राट नारुहितो ने महारानी मासाको, शाही परिवार के सदस्यों, एशियाई ओलंपिक परिषद के अध्यक्ष शेख जोआन बिन हमद अल थानी और अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति की अध्यक्ष कर्स्टी कोवेंट्री की मौजूदगी में खेलों के शुरू होने की घोषणा की। दो घंटे के उद्घाटन समारोह की शुरुआत जापान के राष्ट्रगान से हुई जिसके बाद राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।
जापान के आत्मरक्षा बल के नौ सदस्यों ने ध्वज को मंच तक पहुंचाया जिसके बाद उसे फहराया गया। इसके बाद स्टेडियम की रोशनी बुझा दी गई और एक ‘स्पॉटलाइट’ से राष्ट्रीय ध्वज को रोशन किया गया। उद्घाटन समारोह में आमतौर पर दिखने वाली भव्यता नजर नहीं आई और स्टेडियम में कई सीटें खाली दिखीं।
इसके बाद खिलाड़ियों की परेड हुई जिसमें 45 देशों और ओलंपिक परिषद एशिया की शरणार्थी टीम ने हिस्सा लिया। इस तरह कुल 46 दलों ने परेड में भाग लिया। खिलाड़ियों की परेड की शुरुआत अफगानिस्तान के दल से हुई जबकि महाद्वीप की खेल महाशक्ति माने जाने वाले चीन ने 800 से अधिक खिलाड़ियों के बड़े दल के साथ सबका ध्यान खींचा।
पेरिस ओलंपिक 2024 की दो पदक विजेता भारतीय निशानेबाज मनु भाकर और कबड्डी खिलाड़ी पवन सहरावत परेड में भारतीय दल की अगुवाई की। दोनों ने पारंपरिक गहरे नीले (नेवी ब्लू) रंग की पोशाक पहनी हुई थी। गोला फेंक खिलाड़ी तजिंदरपाल सिंह तूर को समय पर समारोह की किट नहीं मिलने के कारण सहरावत को ध्वजवाहक बनाया गया।
भारत के 501 सदस्यीय दल की नजरें 2023 के हांग्झोउ एशियाई खेलों में किए गए अपने अब तक के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को दोहराने पर हैं जिसमें देश ने 28 स्वर्ण सहित कुल 106 पदक जीते थे और पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा था। उद्घाटन समारोह से पहले ही कुछ स्पर्धाएं शुरू हो गई थीं। महिला क्रिकेट में हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने शुक्रवार को मेजबान जापान को आठ विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
भारत टेगबॉल में भी पदक की दौड़ में है जो पहली बार एशियाई खेलों का हिस्सा बना है। क्विम्सी डिसूजा शनिवार को महिला एकल के सेमीफाइनल में हार गईं और अब कांस्य पदक के लिए मुकाबला करेंगी। एशियाई खेल 19 सितंबर से चार अक्टूबर तक आयोजित किए जाएंगे।
नागोया शहर का मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम उद्घाटन और समापन समारोहों की मेजबानी करेगा। इस बार एशियाई खेलों में 45 देशों के करीब 11,000 खिलाड़ी और ओलंपिक परिषद एशिया की शरणार्थी टीम हिस्सा ले रही है। खिलाड़ी 43 स्पर्धाओं में 469 स्वर्ण पदकों के लिए मुकाबला करेंगे।
अन्य न्यूज़













